कपूरथला सिविल अस्पताल में नवजात के जन्म के बाद महिला की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

कपूरथला सिविल अस्पताल में वीरवार को गांव डोगरांवाल निवासी महिला की बेटी को जन्म देने के बाद मौत हो गई। मृतका के स्वजनों ने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया कि डाक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत हुई है।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 11:11 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 11:11 AM (IST)
कपूरथला सिविल अस्पताल में नवजात के जन्म के बाद महिला की मौत, अस्पताल पर लापरवाही का आरोप
सिविल अस्पताल कपूरथला में वीरवार को गांव डोगरांवाल निवासी महिला की बेटी को जन्म देने के बाद मौत हो गई।

कपूरथला, जेएनएन। सिविल अस्पताल कपूरथला में वीरवार को गांव डोगरांवाल निवासी महिला की बेटी को जन्म देने के बाद मौत हो गई। मृतका के स्वजनों ने अस्पताल प्रशासन पर आरोप लगाया कि डाक्टरों की लापरवाही से महिला की मौत हुई है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि डाक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। थाना सिटी पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों के हवाले कर दिया है।

मृतका की पहचान बिंदर कौर पत्नी राजेश कुमार निवासी गांव डोगरांवाल के रूप में हुई है। मृतका के भाई हरप्रीत सिंह निवासी गांव हबोवाल ने थाना सिटी पुलिस को दिए गए बयान में बताया कि चार साल पहले उसके बहन की शादी हुई थी। वह गर्भवती थी। 16 जून को ससुराल परिवार के लोगों ने डिलीवरी के लिए बिंदर कौर को कपूरथला सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। 17 जून को बाद दोपहर ढाई बजे के करीब उसने बेटी को जन्म दिया। रात साढ़े आठ बजे अस्पताल में उसकी मौत हो गई। आरोप लगाया कि उसकी बहन की मौत डाक्टरों की ओर से उपचार में लापरवाही बरतने के कारण हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह का होगा खुलासा

डीएसपी सब-डिवीजन सुरिंदर सिंह का कहना है कि उनके पास मृतका के स्वजनों की कोई शिकायत नहीं आई है। धारा 174 की कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव को परिजनों के हवाले कर दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद महिला की मौत के कारणों का खुलासा होगा।

महिला के शरीर में खून कम था, स्वजनों की थी जानकारी : डा. सिम्मी धवन

सिविल अस्पताल कपूरथला की डा. सिम्मी धवन ने बताया कि डा. परमिंदर कौर की देखरेख में महिला की डिलीवरी करवाई गई। महिला के शरीर में खून कम था तथा स्वजनों को इसकी जानकारी भी दी गई थी। खून की कमी के चलते महिला की मौत हुई है। एसएमओ डा. संदीप धवन ने बताया कि स्वजनों की ओर से उन्हें शिकायत नहीं मिली है। मौत के कारणों को जानने के लिए वीडियोग्राफी करवा कर शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

chat bot
आपका साथी