कपूरथला में ईंट भट्ठे में चौकीदार की हत्या, ट्रैक्टर दो बैटरी और सामान ले गए हमलावर

कपूरथला के गांव बघाणा में शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने ईंट भट्ठे के चौकीदार की हत्या कर दी तथा भट्ठे से ट्रैक्टर दो बैटरी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख व एसपी सर्वजीत सिंह बाहिया ने जांच शुरू कर दी है।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 02:45 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 02:45 PM (IST)
कपूरथला में ईंट भट्ठे में चौकीदार की हत्या, ट्रैक्टर दो बैटरी और सामान ले गए हमलावर
कपूरथला के गांव बघाणा में शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने ईंट भट्ठे के चौकीदार की हत्या कर दी।

फगवाड़ा, जेएनएन। शहर के नजदीकी गांव बघाणा में शनिवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने ईंट भट्ठे के चौकीदार की हत्या कर दी तथा भट्ठे से ट्रैक्टर, दो बैटरी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। घटनास्थल पर पहुंचे एसएसपी हरकमलप्रीत सिंह खख व एसपी सर्वजीत सिंह बाहिया ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। मृतक की पहचान देसराज उम्र (35) निवासी गांव बघाणा फगवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए गए बयान में मृतक देसराज की पत्नी उमा ने बताया कि उसका पति राज मिस्त्री का काम करता था। कोरोना की वजह से काम नहीं मिलने के कारण रात को गांव में ही बंद पड़ा लक्ष्मी ब्रिक्स के भट्ठे में चौकीदारी करने लगा। शनिवार रात को देसराज भट्ठे पर चला गया। सुबह घर नहीं आया तो वह परेशान हो गई तथा भट्ठे पर आ गई। जब वह भट्ठे पहुंची तो देखा कि कई जगह खून के निशान थे। एक कमरे में देसराज मुंह के बल गिरा हुआ था। शोर मचाने पर गांव को लोग भट्ठे में पहुंचे। सरपंच ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक बेसबाल भी बरामद किया है।

आरोपितों की जल्द होगी गिरफ्तारी : एसपी

एसपी सर्वजीत सिंह ने बताया कि गांव बघाणा में स्थित लक्ष्मी ब्रिक्स काफी समय से बंद है। देसराज वहां पर चौकीदारी करता था। देसराज के गले पर रस्सी के निशान थे और सिर में काफी चोटें थी। हमलावर कमरे की ग्रिल का ताला तोड़कर एक ट्रैक्टर और ट्रैक्टर की दो बैटरी और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए। पुलिस आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।

chat bot
आपका साथी