जालंधर में भगवान वाल्मीकि आश्रम चुनाव में बजा विपन सभ्रवाल का डंका, सन्नी कल्याण को 13 वोट से हराया

जालंधर में भगवान वाल्मीकि आश्रम शक्ति नगर में चेयरमैनशिप के चुनावों में विपन सभ्रवाल का डंका बजा और उन्होंने अपने सशक्त प्रतिद्वंद्वी सन्नी कल्याण को 13 वोट से परास्त कर विजय प्राप्त की। रविवार सुबह साढ़े आठे बजे पोलिंग शुरू हुई और शाम छह बजे परिणाम घोषित हो गए।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Mon, 19 Jul 2021 09:11 AM (IST) Updated:Mon, 19 Jul 2021 09:11 AM (IST)
जालंधर में भगवान वाल्मीकि आश्रम चुनाव में बजा विपन सभ्रवाल का डंका, सन्नी कल्याण को 13 वोट से हराया
अपनी माता के साथ मिलकर खुशी व्यक्त करते विपन सभरवाल। जागरण

संवाद सहयोगी, जालंधर। भगवान वाल्मीकि आश्रम शक्ति नगर में चेयरमैनशिप के चुनावों में विपन सभ्रवाल का डंका बजा और उन्होंने अपने सशक्त प्रतिद्वंद्वी सन्नी कल्याण को 13 वोट से परास्त कर विजय प्राप्त की। रविवार सुबह करीब साढ़े आठे बजे पोलिंग शुरू हुई और शाम करीब छह बजे परिणाम घोषित हो गए। विपन सभ्रवाल के विजयी घोषित होते ही समर्थक ढोल बाजे के साथ पहुंचे और जश्न मनाया।

विपन सभ्रवाल ने जीतने के बाद आश्रम के विकास के साथ साथ वाल्मीकि समाज के कल्याण के वादे को दोहराया। कहा कि वह अपनी पूरी टीम के साथ समाज को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे। इससे पहले सुबह शुरू हुए मतदान के दौरान हुई बारिश भी मतदाताओं का उत्साह कम नहीं कर पाई। भरी बरसात में मतदाता छतरियां लेकर वोट डालने पहुंचे। सुबह साढ़े दस बजे तक करीब 22 फीसद वोट डाले जा चुके थे। 1171 कुल वोट हैं जिनमें से 241 वोट 10:40 तक डाले जा चुके थे। दोपहर करीब 1:30 बजे तक आठ सौ के करीब वोट डाले जा चुके थे। शाम चार बजे तक एक हजार से ज्यादा वोट पड़ गए। आश्रम के चुनाव में सात उम्मीदवार खड़े थे लेकिन एक नंबर पर खड़े विपन सभ्रवाल और तीन नंबर पर खड़े सनी कल्याण में कांटे की टक्कर हुई। प्रत्याशियों ने मतदाताओं को लुभाने के लिए हर तरह का प्रचार किया।

महिलाओं, बुजर्गों और युवाओं ने दिखाया ज्यादा जोश

भगवान वाल्मीकि आश्रम शक्ति नगर में चेयरमैनशिप के लिए हो रहे चुनाव में महिलाओं और युवाओं में ज्यादा जोश नजर आया। रविवार सुबह 8:30 बजे पोलिंग शुरू हुई तो सबसे पहले महिलाएं और युवा ही मतदान करने के लिए पहुंचे। बुजुर्गों ने भी आश्रम के चुनावों में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया। दिव्यांग भी अपने मत का प्रयोग करने के लिए किसी न किसी के साथ पहुंचे।

----

छावनी में बदला शक्ति नगर और अली मोहल्ला

चुनाव में सुरक्षा के मद्देनजर अली मोहल्ला और शक्ति नगर का सारा इलाका पुलिस छावनी बन गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एसीपी हरसिमरत के नेतृत्व में पांच थानों की पुलिस मौके पर मौजूद रही।

पुलिस की समझदारी से टला विवाद

चुनाव के दौरान जब वोटिंग हो रही थी तो प्रत्याशियों के समर्थकों में किसी न किसी बात को लेकर बहस होने लगी। वहां पर मौजूद एडीसीपी जगजीत सिंह सरोआ और एसीपी हरसिमरत सिंह ने समझदारी दिखाते हुए दोनों पक्षों को शांत करवाया और उनको अलग अलग रखा। चुनाव अधिकारियों ने भी प्रत्याशियों के समर्थकों को शांत रखने में खासी अच्छी भूमिका अदा की।

-------------------------

हार जीत से ऊपर उठकर आश्रम और समाज के लोगों का विकास जरूरी है। चुनावों में विजयी हुए विपन सभ्रवाल के साथ मिल कर ही समाज हित के कार्य किए जाएंगे। चुनाव की वजह से विकास के काम में कोई रुकावट नहीं आएगी और सभी मिलजुल कर आश्रम में और विकास कार्य करवाएंगे।

सन्नी कल्याण, प्रत्याशी

----

चुनाव तो चेयरमैन बनाने के लिए हुए हैं लेकिन जीत हार से कोई फर्क नहीं पड़ता है। चाहे कोई भी विजयी हुआ है लेकिन सभी मिलजुल कर ही विकास कार्य करेंगे। सभी को साथ लेकर ही चला जाएगा और चेयरमैन बने विपन सभ्रवाल के साथ मिलकर समाज के हित में काम किए जाएंगे।

अमृत खोसला, प्रधान सिटी वाल्मीकि सभा

chat bot
आपका साथी