जत्थेदार निहंग की तेजधार हथियारों से हत्या, 30 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे; लोग वीडियो बनाते रहे

बटाला के मिसल शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर तरना दल के जत्थेदार निहंग पर रविवार को 12 अज्ञात निहंगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया । सिविल अस्पताल में घायल जत्थेदार निहंग की मौत हो गई ।

By Edited By: Publish:Sun, 16 May 2021 06:06 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 01:16 PM (IST)
जत्थेदार निहंग की तेजधार हथियारों से हत्या, 30 मिनट तक सड़क पर तड़पते रहे; लोग वीडियो बनाते रहे
मृतक जत्थेदार निहंग की पहचान नरिंदर सिंह मान वासी ईसा नगर के तौर पर हुई है।

बटाला, जेएनएन। सर्कुलर रोड में मिसल शहीद बाबा बंदा सिंह बहादुर तरना दल के जत्थेदार निहंग पर रविवार को 12 अज्ञात निहंगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। सिविल अस्पताल में घायल जत्थेदार निहंग की मौत हो गई। मृतक जत्थेदार निहंग की पहचान नरिंदर सिंह मान वासी ईसा नगर के तौर पर हुई है।

निहंग नरिंदर के साथी धीर सिंह ने बताया कि वे रविवार को सुबह के वक्त नरिंदर सिंह के साथ बाइक पर किसी काम से जा रहे थे। जब वे सर्कुलर रोड डा. रविंदर सिंह अस्पताल के पास पहुंचे तो लगभग 12 अज्ञात निहंगों ने उनकी बाइक को बीच रास्ते में रोककर तेजधार हथियारों कृपाण, लाठी व दातरों से हमला कर दिया। इस दौरान वह भाग गया, लेकिन नरिंदर सिंह को उन अज्ञात निहंगों ने घेरकर उनको गंभीर रूप से घायल कर दिया। अस्पताल में नरिंदर सिंह की मौत हो गई।

इस संबंध में थाना सिटी के एसएचओ सुखइंदर सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा। अगर गुरुद्वारों में भांग बेचे जा रहे हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

आधा घंटा तड़पते रहे घायल

जब निहंग नरिंदर सिंह पर अज्ञात निहंग हमला कर रहे थे तो आसपास काफी लोग जमा हो गए। नरिंदर सिंह ने लोगों से बचाने की गुहार भी लगाई, लेकिन राहगीर व आसपास के दुकानदार घटना की फोटो व वीडियो बनाते रहे। कोई बचाने नहीं आया। जब अज्ञात लोग हमला कर फरार हो गए तब भी घायल लोगों से अस्पताल लेकर जाने की गुहार लगा रहा था। लगभग 30 मिनट तक कोई भी घायल को अस्पताल लेकर नहीं गया। इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। अगर समय पर उनको अस्पताल लाया जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी।

गुरुद्वारों में भांग बेचने का विरोध करने पर फोन पर मिली थी धमकी

मृतक निहंग के परिजनों ने बताया कि नरिंदर सिंह गुरुद्वारों में भांग बेचने का विरोध करते थे। इसे लेकर लगभग एक सप्ताह पहले किसी जत्थेबंदी के मुखी ने नरिंदर सिंह को जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद एसएसपी रछपाल सिंह को शिकायत दर्ज करवाई गई थी। जब कोई कार्रवाई नहीं की गई तो बाद में आइजी बार्डर रेंज को कार्रवाई करने संबंधी शिकायत दी गई थी। लगभग तीन दिन पहले नरिंदर सिंह ने प्रेसवार्ता भी की थी कि उनकी जान को खतरा है। उन्होंने एक स्टेटमेंट दी थी कि जो निहंग भांग बनाकर बेचते हैं उसे बेचा ना जाए बल्कि उसका लोगों में लंगर लगाया जाए। इसके बाद उन्हें धमकी आई थी।

chat bot
आपका साथी