राहत : अब जालंधर से दिल्ली को चलेंगी दो शताब्दी एक्सप्रेस

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए अब महानगर से दो (सुबह और शाम) शताब्दी एक्सप्रेस यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगी।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 06:45 AM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 06:45 AM (IST)
राहत : अब जालंधर से दिल्ली को चलेंगी दो शताब्दी एक्सप्रेस
राहत : अब जालंधर से दिल्ली को चलेंगी दो शताब्दी एक्सप्रेस

जागरण संवाददाता, जालंधर : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए अब महानगर से दो (सुबह और शाम) शताब्दी एक्सप्रेस यात्रियों के लिए उपलब्ध होंगी। कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिए लगाए गए लाकडाउन के दौरान बीते वर्ष 22 मार्च को बंद की गई अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन भी शनिवार से चालू कर दिया गया है। शताब्दी एक्सप्रेस को शाम 4:30 बजे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से अमृतसर के लिए रवाना किया गया है। रविवार सुबह शताब्दी एक्सप्रेस अमृतसर से वाया जालंधर, लुधियाना होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। जालंधर से इसके चलने का समय छह बजे है। मौजूदा समय में एक शताब्दी एक्सप्रेस ही नई दिल्ली अमृतसर के मध्य संचालित की जा रही थी। जो दिल्ली से सुबह रवाना होकर दोपहर में अमृतसर पहुंचती थी और शाम छह बजे जालंधर-लुधियाना होते हुए वापस दिल्ली लौट जाती थी। सुबह-शाम दो शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो जाने से उन यात्रियों को भारी राहत मिलेगी, जो सुबह 11:30 बजे दिल्ली पहुंच कर शाम 4:30 बजे तक अपने काम निपटा कर वापस लौट आएंगे।

अभी ट्रेन में नहीं मिलेगा खाना

कोरोना के चलते अभी यात्रियों को ट्रेन में खाना उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। यात्रियों को यात्रा के दौरान अपना खाना लेकर ही जाना होगा। खास बात यह है कि चाहे इस ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है लेकिन अभी इसे पूरे यात्री नहीं मिल पा रहे हैं। शनिवार को जालंधर पहुंची ट्रेन में अधिकतर कोच खाली ही नजर आए। हालांकि माना जा रहा है कि धीरे-धीरे इसे यात्री मिलने शुरू हो जाएंगे।

chat bot
आपका साथी