कांग्रेस राज में लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं, बेखौफ घूम रहे अपराधी : मोहिंदर भगत

मोहिंदर भगत ने पंजाब की कांग्रेस सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही है। एक ओर आतंकवाद से लड़ने वाले बलविंदर सिंह की हत्या कर दी गई वहीं आदमपुर में बैंक गार्ड को गोली मार दी गई।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Tue, 20 Oct 2020 11:21 AM (IST) Updated:Tue, 20 Oct 2020 11:21 AM (IST)
कांग्रेस राज में लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं, बेखौफ घूम रहे अपराधी : मोहिंदर भगत
मोहिंदर भगत, पंजाब भाजपा के प्रवक्ता। (फोटोः जागरण)

जालंधर, जेएनएन। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता मोहिंदर भगत ने कांग्रेस सरकार पर आरोप लगाया कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की लापरवाही के कारण अराजकता का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि तरनतारन के गांव नागोके के शौर्य चक्र विजेता बलविंदर सिंह संधू की दो बाइक सवार हमलावरों ने उनके घर पर गोली मारकर हत्या कर दी। बलविंदर सिंह ने आतंकवाद के समय आतंकी गतिविधियों का डटकर विरोध किया था। कुछ समय पहले बलविंदर सिंह की सुरक्षा यह कहकर वापस ले ली थी कि उन्हें कोई खतरा नहीं है लेकिन सुरक्षा वापस लेना ही उनकी मौत का कारण बना।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं पर हमले हो रहे हैं, जिससे पंजाब सरकार की कानून व्यवस्था के बुरी तरह फेल होने को दर्शाता है। पंजाब की कांग्रेस सरकार में कोई भी व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित नहीं समझ रहा है। पिछले दिनों आदमपुर के कालड़ा गांव में लुटेरों ने यूको बैंक से छह लाख रुपए लूट लिए और सुरक्षाकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। लुटेरे दिनदहाड़े महिलाओं से लूट कर रहे हैं, जिससे महिलाओं का शहरों में अकेले जाना मुश्किल हो गया है। लुटेरे बेखौफ घूम रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे पंजाब में लॉ एंड आर्डर नाम की कोई चीज नहीं है।

भगत ने कहा कि बीते कई दिनों से लूट, चोरी, छीनाझपटी की कई वारदातें सामने आई है। पंजाब का माहौल दिन ब दिन बिगड़ता जा रहा है, जिससे आने वाले समय में इसके गंभीर नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं। लोग इस समय असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और लोगों का प्रशासन से विश्वास उठ चुका है। दूसरी ओर कांग्रेसी नेता भू-माफिया, सट्टा, शराब माफिया के साथ मिलकर लाखों रुपए कमा रहे हैं, जिन लोगों ने बुराई को खत्म करना था वही बुराई फैला रहे हैं।

chat bot
आपका साथी