कांग्रेसियों ने घेरा अपने ही सांसद का घर, नियुक्तियों में अनदेखी पर भड़के

कांग्रेस में कलह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह व पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बाद अब ताजा विवाद जालंधर में पैदा हुआ है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 05 Aug 2021 09:51 PM (IST) Updated:Thu, 05 Aug 2021 09:51 PM (IST)
कांग्रेसियों ने घेरा अपने ही सांसद का घर, नियुक्तियों में अनदेखी पर भड़के
कांग्रेसियों ने घेरा अपने ही सांसद का घर, नियुक्तियों में अनदेखी पर भड़के

जागरण संवाददाता, जालंधर : कांग्रेस में कलह कम होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह व पार्टी के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बाद अब ताजा विवाद जालंधर में पैदा हुआ है। सरकार के विभिन्न निगमों और बोर्डो में हो रही नियुक्तियों में बड़े नेताओं के करीबियों को जगह और टकसाली कांग्रेसियों की अनदेखी से कांग्रेस नेता भड़क गए हैं। कई सालों से पार्टी के लिए काम करने के बावजूद सम्मान ना मिलने पर नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीरवार को सांसद चौधरी संतोख सिंह के घर का घेराव कर दिया। धरने के कारण करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।

सीनियर कांग्रेस नेता त्रिलोक सिंह सरां, पंजाब कांग्रेस सोशल मीडिया की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य राजीव कक्कड़, परमजीत बल, सोमनाथ, अंकित कत्याल, सोनू कक्कड़, धीरज घई, कीर्ति दत्ता, पुष्पिदर लाली, सचिन सरीन समेत कई पुराने कांग्रेस नेताओं ने सांसद की कोठी पर 20 अगस्त तक रोजाना धरने का एलान किया है। रोजाना सुबह 10 बजे से 11 बजे तक कांग्रेस नेता सांसद की कोठी के बाहर धरना देंगे। राजीव कक्कड़, परमजीत बल ने कहा कि जब तक उनकी आवाज पार्टी हाईकमान तक नहीं पहुंच जाती तब तक आवाज उठाते रहेंगे। पुराने कांग्रेसियों को अगर ऐसे ही इग्नोर करते रहेंगे तो चुनाव में कांग्रेस का माहौल कैसे बन पाएगा। विधानसभा 2022 में चुनाव के लिए अब कम समय बचा है और पार्टी की मजबूती के लिए जरूरी है कि टकसाली कांग्रेसियों को सरकारी विभागों में होने वाली राजनीतिक नियुक्तियों में उनका हक दिया जाए। इनका आरोप है कि टकसाली कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है और जिन्होंने अकाली-भाजपा सरकार के समय लाठियां खाई थी वह इस समय हाशिए पर डाल दिए गए हैं। राजीव कक्कड़ ने आरोप लगाया कि उन लोगों को आगे लाया जा रहा है जिनका पार्टी में कोई योगदान नहीं है। धरने में नितिन वालिया, विजय मिटू, राजी तूर, कनु बहल, लवली, लक्की महाजन, नरेश कुमार मौजूद रहे।

-----

सांसद चौधरी के करीबी भूपिदर जौली को लेकर बिगड़ा माहौल

यह भी बताया जा रहा है कि मामला फिलहाल इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के ट्रस्टी और पंजाब स्माल स्केल इंडस्ट्री एंड एक्सपोर्ट कारपोरेशन के डायरेक्टर नियुक्त किए गए भूपिदर सिंह जौली के कारण भड़का है। जौली को एक ही सप्ताह में दो पदों पर नियुक्त किया गया है। इससे पहले भी उनके पास कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। जौली इसके अतिरिक्त शिकायत निवारण समिति का मेंबर, एयरपोर्ट एडवाइजरी कमेटी के मेंबर भी हैं। यहीं नहीं जिला प्लानिग बोर्ड के मेंबर पद पर नियुक्ति के लिए भी उनका नाम चल रहा है।

chat bot
आपका साथी