पटियाला में प्रापर्टी के लिए रिटायर्ड मेजर का कत्ल, पुलिस ने घर के ताले तोड़ जुटाए सुबूत
मेजर जसबीर सिंह की उम्र करीब 75 साल थी। उनकी पत्नी का साल 2003 में देहांत हो गया था। परिवार में इकलौती बेटी कनाडा में रहती है। संत एंकलेव स्थित उक्त कोठी में जसबीर सिंह अकेले ही रहते थे।
जागरण संवाददाता, पटियाला। थाना पसियाणा के अंतगर्त आते संत एंक्लेव निवासी रिटायर्ड मेजर का अज्ञात लोगों ने प्रापर्टी के लिए कत्ल कर दिया। 17 सितंबर की रात को कत्ल करने के बाद लाश को ठिकाने लगा घर से सबूत मिटाने की कोशिश की। पसियाणा थाना पुलिस ने घर पहुंचने के बाद दरवाजा तोड़ अंदर दाखिल होकर सबूत जुटाए। घर के अंदर खून के धब्बे लगे हुए थे, जबकि फर्श पर बिखरे खून को धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई थी। फिलहाल एसआइ सोहन सिंह के बयान पर इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ कत्ल केस दर्ज कर लिया है। एसआई सोहन सिंह ने कहा कि कत्ल के सुराग मिल चुके हैं, अब लाश की तलाश में जुटे हैं। आरोपितों की पहचान के लिए मेजर के जानकारों की लिस्ट बनाकर पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि जानकारों ने प्रापर्टी के लिए यह कत्ल किया है।
इकलौती बेटी रहती है कनाडा
पुलिस के अनुसार मेजर जसबीर सिंह की उम्र करीब 75 साल थी। उनकी पत्नी का साल 2003 में देहांत हो गया था। परिवार में इकलौती बेटी कनाडा में रहती है। संत एंकलेव स्थित उक्त कोठी में जसबीर सिंह अकेले ही रहते थे। वह रोजाना घर के बाहर सैर करते रहते थे। 17 सितंबर की शाम को भी वह घर के बाहर सैर करते नजर आए थे। अगले दिन सुबह पुलिस को कत्ल की सूचना मिली तो तुरंत वह कोठी पहुंचे। कोठी का दरवाजा तोड़ने के बाद पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो कत्ल के सुराग मिले। मौके पर तफ्तीश के दौरान पाया कि घटनास्थल पर कत्ल किया था और मेजर ने बचने के लिए काफी संघर्ष किया। कत्ल के दौरान फर्श व दीवारों पर खून के धब्बे पड़ गए। फर्श पर बिखरा खून आरोपितों ने धो डाला था लेकिन सबूत पूरी तरह से नष्ट नहीं हो पाए। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने सभी सैंपल कलेक्ट कर लिए हैं।
सीआईए स्टाफ टीम भी जुटी
घटनास्थल पर सीआईए स्टाफ सीटी विंग समाना व पटियाला विंग की टीम भी इस कत्ल केस को हल करने में जुट गई है। मेजर जसबीर सिंह के मकान के आसपास खाली प्लाट है जबकि नजदीक ही अन्य घर बने हुए हैं। यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की जा रही है।