कण-कण में है परमात्मा का वास : महंत गंगा दास
महामंडलेश्वर 1008 महंत गंगा दास ने कहा कि कण-कण में परमात्मा का वास है। उन्होंने कहा कि परमात्मा केवल वही नहीं हैं जहां पर हम नेक कार्य कर रहे हैं बल्कि वहां पर भी हैं जहां इंसान गलत कार्य को अंजाम दे रहा है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : महामंडलेश्वर 1008 महंत गंगा दास ने कहा कि कण-कण में परमात्मा का वास है। उन्होंने कहा कि परमात्मा केवल वही नहीं हैं, जहां पर हम नेक कार्य कर रहे हैं बल्कि वहां पर भी हैं जहां इंसान गलत कार्य को अंजाम दे रहा है। बावा लाल दयाल आश्रम दिलबाग नगर में आयोजित सत्संग के दौरान उन्होंने कहा कि बच्चों में नैतिक जिम्मेदारियों तथा संस्कारों की कमी उन्हें गलत दिशा की तरफ अग्रसर कर रही है। घरों में पढ़ाई कर रहे बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ धर्म का ज्ञान भी दिया जाना चाहिए। इससे वे आध्यात्मिकता की राह पर चलकर जीवन को सफल बना सकते हैं।
इसके उपरांत संकीर्तन मंडली की सदस्यों ने प्रभु महिमा का गुणगान कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। संस्थान के उत्तराधिकारी महामंडलेश्वर महंत गंगा दास ने कहा कि धर्म तथा आध्यात्मिकता की राह पर चलकर ही समाज का उत्थान संभव है। काम, क्रोध, लोभ, मोह व अहंकार का त्याग करते हुए, संतों की वाणी पर अमल करके जीवन को सफल बनाया जा सकता है। बावा जी की आरती के उपरांत भंडारे का आयोजन भी किया गया।