लुधियाना में रिश्तेदार ने दी नाबालिग लड़की को अपहरण करने की धमकी, जालंधर में उठवाया
लुधियाना में एक नाबालिग लड़की को युवक ने अपहरण की धमकी दे दी। धमकी से डरे परिजन अपनी बेटी को लेकर जालंधर आ गए लेकिन जालंधर में ही लड़की का अपहरण हो गया। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है ।
जालंधर, जेएनएन। लुधियाना में रहने वाली एक नाबालिग लड़की को लुधियाना के डावा नगर में रहने वाले युवक ने अपहरण की धमकी दे दी। धमकी से डरे परिजन अपनी बेटी को लेकर जालंधर आ गए लेकिन जालंधर में ही लड़की का अपहरण हो गया। थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने डावा नगर के रहने वाले रिंकू के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस को दी शिकायत में लड़की के परिजनों ने बताया कि उनकी बेटी को डावा नगर में रहने वाला एक लड़का तंग करता था। रिंकू नाम का युवक उनकी रिश्तेदारी में ही आता है। लड़की की मां ने बताया कि उसकी बड़ी बहन के ससुराल में वह लड़का रहता है। उन्होंने जब अपनी बड़ी बहन से शिकायत की तो उन्होंने उल्टा उसे ही धमका दिया।
लड़की की मां का कहना था कि वह गरीब परिवार से हैं, जिसके चलते उनकी सुनवाई नहीं हो रही थी। शिकायत किए जाने के बाद लड़का उनको धमकियां देने लगा था। उसकी धमकियों से डर कर वह जालंधर अर्जुन नगर में आकर रहने लगे थे। बीते दिन उनकी बेटी किसी काम से बाहर गई लेकिन वापस नहीं आई। उनकी बेटी के साथ गई उनकी रिश्तेदार लड़की ने बताया कि रिंकू उनकी बेटी को सफेद कार में जबरन उठाकर ले गया है। पुलिस ने बयानों के आधार पर रिंकू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें