अंगुराल बंधुओं और सूरज की तलाश में छापेमारी, नहीं लगे पुलिस के हाथ

पुलिस ने वीरवार को अंगुराल बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की लेकिन वो हाथ नहीं लगे।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 08:17 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 08:17 PM (IST)
अंगुराल बंधुओं और सूरज की तलाश में छापेमारी, नहीं लगे पुलिस के हाथ
अंगुराल बंधुओं और सूरज की तलाश में छापेमारी, नहीं लगे पुलिस के हाथ

संवाद सहयोगी, जालंधर

पुलिस ने वीरवार को अंगुराल बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन तीनों में से कोई भी आरोपित पुलिस के हाथ नहीं लगा। बुधवार को अवैध शराब बनाने की सूचना के बाद भाजपा नेता शीतल अंगुराल के बड़े भाई राजन अंगुराल की फैक्ट्री में छापामारी करने गए एक्साइज कर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। वहीं अंगुराल बंधुओं के साथी शिव नगर निवासी सूरज की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस ने छापेमारी की, लेकिन वो भी पकड़ में नहीं आया। थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सूरज की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि उसके घर में शराब की बोतलों के ढक्कन क्यों पड़े हुए थे? वहीं थाना आदमपुर के प्रभारी पलविदर सिंह ने बताया कि एक्साइज टीम के बयानों पर मामला दर्ज किया गया था।

जालंधर में एक्साइज विभाग चंडीगढ़ व लोकल टीम ने बुधवार को रायपुर से धोगड़ी रोड स्थित भाजपा नेता राजन अंगुराल की शराब की फैक्ट्री पर दबिश दी थी। फैक्ट्री में शराब तैयार करने संबंधी मशीनें लगी हुई थी। फैक्ट्री अभी शुरू नहीं हुई थी, लेकिन वहां से शराब तैयार करने वाला सामान भी बरामद हुआ था। फैक्ट्री में कार्रवाई के दौरान विभाग की टीम और राजन अंगुराल के लोगों के बीच विवाद भी हुआ था। दूसरी तरफ एक्साइज विभाग की टीम ने नागरा के शिव विहार में रहने वाले सूरज, जो शीतल का साथी बताया जा रहा था, के घर में भी दबिश दी। इस दौरान छह बोरे शराब की बोतलों के ढक्कन जब्त किए गए थे। विभाग ने करीब 42 हजार ढक्कन बरामद करके कब्जे में ले लिए थे। एक्साइज विभाग के डीईटीसी जसपिदर सिंह ने बताया था कि फैक्ट्री में मशीनें लगाई गई थी, जिससे शराब को भरा जाना था। उन्होंने बताया था कि फैक्ट्री से 11000 खाली बोतलें और 3400 गत्ते के डिब्बे बरामद किए गए थे। वहीं भाजपा नेता राजन अंगुराल ने कहा था कि फैक्ट्री में शराब बनाने का काम नहीं चल रहा था। उन्होंने एक सप्ताह पहले ही फैक्ट्री खरीदी थी। फैक्ट्री में सैनिटाइजर और मास्क बनाने का काम शुरू किया जाना था। उनका कहना था कि राजनीतिक रंजिश के चलते उसे फंसाया जा रहा है। राजन ने आरोप लगाया है कि एक्साइज विभाग की टीम ने भाई सन्नी के साथ मारपीट की है, जिसकी वीडियो उसके पास है। नशे के मामले में पहले भी फंस चुके हैं भाजपा नेता

शहर में भाजपा नेता पहले भी नशे के मामलों में फंस चुके हैं। खुद शीतल अंगुराल पर अपहरण, मारपीट, हत्या के प्रयास जैसे कई आरोप लगे हैं। उसके खिलाफ कई बार आपराधिक मामले भी दर्ज हो चुके हैं। यहां तक कि अपहरण कर गलत काम करने के आरोप भी लग चुके हैं। वहीं बीते समय में पुलिस ने भाजपा नेता और पूर्व मंत्री के खासमखास अजय जोशी, जो तत्कालीन भाजपा ट्रांसपोर्ट सेल का प्रधान था, को पुलिस ने छह पेटी अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया था। अजय भाजपा का जिला महासचिव भी रह चुका है। इसके बाद अजय जोशी को पार्टी हाईकमान ने सभी पदों से हटा दिया था।

chat bot
आपका साथी