Travel Alert: पंजाब से दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल, राजस्थान और उत्तराखंड के लिए बसें बंद; आज से हड़ताल पर कांट्रेक्ट वर्कर्स

पंजाब रोडवेज एवं पीआरटीसी के 7 हजार से ज्यादा कांट्रेक्ट मुलाजिम नौकरी स्थायी करने की मांग को लेकर रात 12 बजे से बसों का चक्का जाम करने जा रहे हैं। इसके बाद राज्य के भीतर और राज्य से बाहर चलने वाली बस सेवा लगभग बंद हो जाएगी।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 05:30 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 08:52 AM (IST)
Travel Alert: पंजाब से दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल, राजस्थान और उत्तराखंड के लिए बसें बंद; आज से हड़ताल पर कांट्रेक्ट वर्कर्स
पंजाब रोडवेज के कांट्रेक्ट मुलाजिम एक बार फिर हड़ताल पर जा रहे हैं। सांकेतिक चित्र।

मनुपाल शर्मा, जालंधर। बस यात्री कृपया ध्यान दें। कुछ ही घंटों बाद पंजाब से पड़ोसी राज्यों दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल राजस्थान और उत्तराखंड के लिए सरकारी बसों की किल्लत हो सकती है। पंजाब रोडवेज एवं पीआरटीसी के 7 हजार से ज्यादा कांट्रेक्ट मुलाजिम नौकरी स्थायी करने की मांग को लेकर रात 12 बजे से बसों का चक्का जाम करने जा रहे हैं। इसके बाद राज्य के भीतर और राज्य से बाहर चलने वाली बस सेवा लगभग बंद हो जाएगी। हड़ताल के कारण अंबाला, यमुनानगर, दिल्ली, जयपुर, हरिद्वार, हल्द्वानी समेत तमाम अंतर राज्यीय रूटों पर पर्याप्त बसें उपलब्ध नहीं होंगी। बता दें कि कांट्रेक्ट वर्कर्स ने इससे पहले सितंबर की शुरुआत में हड़ताल की थी। तब करीब एक सप्ताह के लिए पंजाब से बसों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।

रात 12 बजे से शुरू होने जा रही कांट्रेक्ट मुलाजिमों की हड़ताल के चलते बस सेवा बुरी तरह से प्रभावित होने की संभावना है। वजह यह है कि इस समय पंजाब रोडवेज के पास बेहद कम संख्या में रेगुलर ड्राइवर बचे हैं जो कांट्रेक्टर मुलाजिमों की हड़ताल के चलते बसें चला पाएंगे। उदाहरण के तौर पर पंजाब रोडवेज जालंधर-एक डिपो के पास इस समय फ्लीट में कुल 91 बसें हैं, जिनमें से 21 पंजाब रोडवेज की है। बाकी 70 बसें पनबस के तहत हैं। डिपो में मात्र सात रेगुलर ड्राइवर हैं जिनमें से एक ड्राइवर मेडिकल छुट्टी पर चल रहा है। रिटायरमेंट के बेहद करीब पहुंच चुके बाकी छह ड्राइवर बसें चलाने में सक्षम होंगे, लेकिन उन्हें भी इंटर स्टेट या किसी लंबे रूट पर भेजना संभव नहीं होगा।

निजी और अन्य राज्यों की बसें कूटेंगी चांदी

कांट्रेक्ट मुलाजिमों के हड़ताल पर चले जाने की वजह से पंजाब में पंजाब रोडवेज पान बस एवं पीआरटीसी की अधिकतर बसें सड़कों पर नहीं चल पाएंगी। निजी और अन्य राज्यों की बसें इस हड़ताल का पूरा फायदा उठाएंगे और जमकर चांदी कूटी जाएगी। यात्रियों के पास इन बसों में सफर करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प मौजूद नहीं होगा।

रियायती यात्रियों को होगी भारी परेशानी

पंजाब रोडवेज एवं पीआरटीसी की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा का लाभ लेने वाले यात्रियों को हड़ताल के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। निजी एवं अन्य राज्यों की बसों में किराए में कोई रियायत नहीं मिलेगी और महिला यात्रियों समेत तमाम रियायती किराए वाले यात्रियों को टिकट खरीद कर जाना होगा।

यह भी पढ़ें - नवजोत सिंह सिद्धू ने फिर की पाकिस्तान से व्यापार खोलने की वकालत, सीएम चन्नी का भी मिला साथ

chat bot
आपका साथी