हेल्थ सिस्टम कार्पोरेशन के चेयरमैन बोले- एक महीने में सिविल में मिलेंगी पीजीआई जैसी सुविधाएं

डॉक्टर की सलाह से लेकर लिखी गईं दवाइयां दवाइयां स्टॉक में हैं या नहीं इस सबकी जानकारी चंडीगढ़ में वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों को ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Sat, 14 Dec 2019 05:22 PM (IST) Updated:Sun, 15 Dec 2019 09:06 AM (IST)
हेल्थ सिस्टम कार्पोरेशन के चेयरमैन बोले- एक महीने में सिविल में मिलेंगी पीजीआई जैसी सुविधाएं
हेल्थ सिस्टम कार्पोरेशन के चेयरमैन बोले- एक महीने में सिविल में मिलेंगी पीजीआई जैसी सुविधाएं

जालंधर, जेएनएन। शनिवार को पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के चेयरमैन अमरदीप सिंह ने सिविल अस्पताल का दौरा कर डॉक्टरों से बैठक की। उन्होंने नए कंप्यूटर सिस्टम का जायजा लिया और एक महीने के अंदर सभी समस्याएं दूर करके पीजीआई की तर्ज पर सुविधाएं देने का दावा किया। उन्होंने डॉक्टरों के साथ बैठक कर सरबत सेहत बीमा योजना बारे में भी बातचीत की। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. गुरिंदर कौर चावला, डॉ. चन्नजीव सिंह सहित अस्पताल के कई डॉक्टर मौजूद थे।

जालंधऱः शनिवार को सिविल अस्पताल में कामकाज का जायजा लेते हुए हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के चेयरमैन अमरदीप सिंह।

डॉक्टर की सलाह, नुस्खा और दवाइयों की जानकारी आनलाइन चंडीगढ़ पहुंचेगी

इस मौके पर अमरदीप सिंह ने कहा कि मरीजों के इलाज से जुड़े सभी स्टेप्स आनलाइन किए जाएंगे। मरीज की पर्ची बनने के साथ ही डॉक्टर के साथ मिलने का समय, डॉक्टर की एडवाइस और प्रेस्क्रिप्शन और दोबारा आने की तिथि आदि सब कुछ सॉफ्टवेयर के माध्यम से आनलाइन किया जाएगा। मरीज को क्या दवाइयां लिखी गईं हैं, दवाइयां स्टॉक में हैं या नहीं, इस सबकी जानकारी चंडीगढ़ में वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारियों को आनलाइन उपलब्ध रहेगी। इससे मरीज को मिलने वाली सुविधाओं की बेहतर निगरानी हो सकेगी और उसमें सुधार लाया जा सकेगा।

पीजीआई की तर्ज पर हर सुविधा मुहैया करवाने का लक्ष्य

पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के चेयरमैन अमरदीप सिंह ने पिछले दिनों दावा किया था कि जल्द जालंधर सिविल अस्पताल में पीजीआई की तर्ज पर अधिकतम सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसे लेकर पिछले दिनों पर्ची बनाने का नया सॉफ्टवेयर भी लांच किया गया था। हालांकि यह लांचिंग के पहले दिन ही फेल हो गया था और इसके कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। इसी के मद्देनजर चेयरमैन का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अव्यवस्थाओं का केंद्र बन गया है सिविल अस्पताल

जालंधर का सिविल अस्पताल अक्सर मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध न करवा पाने के कारण सुर्खियों में रहता है। दो दिन पहले ही दैनिक जागरण ने सिविल अस्पताल आएं तो घर से चादर और कंबल लेकर आएं शीर्षक से समाचार प्रकाशित प्रबंधन का ध्यान अव्यवस्थाओं की ओर खींचा था। वर्तमान में सिविल अस्पताल में मरीजों को अपने घर बेडशीट और कंबल लाना पड़ रहा है जबकि अस्पताल के स्टॉक में इनकी कमी नहीं है। पड़ताल करने पर पता चला था कि बेडशीट और कंबल चोरी होने के डर से स्टाफ मरीजों को ये चीजें जारी नहीं करते हैं। केवल बड़े अधिकारियों के दौरे पर आने के समय ही दिखाने के लिए बेडशीट और कंबल जारी किए जाते हैं। देखना होगा कि चेयरमैन अमरदीप सिंह का इस पर क्या रुख रहता है।

chat bot
आपका साथी