दिल्ली में किसानों के लिए लंगर चला रहे थे धालीवाल, डिपोर्ट करने पर भाई और पूर्व मंत्री रखड़ा ने उठाया सवाल

पूर्व कैबिनेट मंत्री व अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह रखड़ा के भाई प्रवासी भारतीय दर्शन सिंह धालीवाल दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन से शुरू से ही जुड़े रहे हैं। उन्हें दिल्ली से वापस यूएसए डिपोर्ट किया गया है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 11:57 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 11:57 AM (IST)
दिल्ली में किसानों के लिए लंगर चला रहे थे धालीवाल, डिपोर्ट करने पर भाई और पूर्व मंत्री रखड़ा ने उठाया सवाल
प्रवासी भारतीय दर्शन सिंह धालीवाल को दिल्ली एयरपोर्ट से अमेरिका डिपोर्ट किया गया है। सांकेतिक चित्र।

जागरण संवाददाता, पटियाला। दिल्ली से अमेरिका डिपोर्ट किए गए पूर्व कैबिनेट मंत्री व अकाली दल के वरिष्ठ नेता सुरजीत सिंह रखड़ा के भाई प्रवासी भारतीय दर्शन सिंह धालीवाल दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन से शुरू से ही जुड़े रहे हैं। जब से दिल्ली के बार्डर पर किसानों ने आंदोलन शुरू किया है, तब से दर्शन सिंह धालीवाल के पिता के नाम पर बनाए गए सूबेदार करतार सिंह धालीवाल ट्रस्ट ने वहां किसानों के लिए लंगर और रैन बसेरे का इंतजाम बड़े स्तर पर किया है। इसकी पुष्टि दर्शन सिंह धालीवाल के छोटे भाई और पंजाब में पूर्व मंत्री सुरजीत सिंह रखड़ा ने की। भारत दौरे के समय दर्शन सिंह धालीवाल ने भी दिल्ली जाकर आंदोलनकारी किसानों को समर्थन दिया था।

इस बारे में सुरजीत सिंह रखड़ा ने बताया कि दर्शन सिंह धालीवाल पिछली बार जब भारत आए थे तो तब भी वह दिल्ली आंदोलनकारी किसानों से मिलने गए थे। उन्होंने वहां जाकर किसानों के लिए 24 घंटे लंगर का इंतजाम किया था, जो कि आज तक जारी है। रखड़ा ने कहा कि इससे पहले भी दर्शन सिंह धालीवाल को दिल्ली एयरपोर्ट पर परेशान किया जाता रहा है, लेकिन हर बार दो से तीन घंटे बाद दिल्ली से पंजाब जाने की अनुमति दे दी गई। इस बार ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारी किसानों के लिए जो इंतजाम सूबेदार करतार सिंह धालीवाल ट्रस्ट ने किए। संभवत: वही प्रबंध केंद्र सरकार की आंखों में चुभ रहे होंगे। उन्होंने कहा कि चाहे धालीवाल को पंजाब नहीं आने दिया गया, लेकिन आंदोलनकारी किसानों के लिए 24 घंटे लंगर और रैन बसेरे का इंतजाम जारी रहेगा।

मामले में कार्रवाई का अधिकार पंजाब के पास नहीं : एडीजीपी

दर्शन सिंह धालीवाल को बगैर कोई कारण बताए अमेरिका डिपोर्ट किए जाने के मामले की शिकायत संबंधी एडीजीपी (इंटेलिजेंस) एएस राय ने कहा कि यह मामला पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस के अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। इस मामले में कोई भी कार्रवाई केंद्र सरकार ही कर सकती है।

chat bot
आपका साथी