Jalandhar Festival Shopping: फेस्टिवल सीजन में लोगों ने चीनी सामान से मुंह फेरा, स्वदेशी पर जोर
त्योहारों के समय लोग जागरूक हो गए हैं। बदलते समय के साथ लोगों ने अपनी सोच भी बदली है। लोगों ने इस बार चाइनीज वस्तुओं से मुंह फेर लिया है। इस बार फेस्टिवल सीजन में स्वदेशी वस्तुओं की मांग बढ़ गई है।
जागरण टीम, जालंधर। करवाचौथ और उसके बाद दीवाली को लेकर बाजार सज गए हैं। हालांकि इस बार नया ट्रेंड मिल रहा है। त्योहारों के समय लोग जागरूक हो गए हैं। बदलते समय के साथ लोगों ने अपनी सोच भी बदली है। लोगों ने इस बार चाइनीज वस्तुओं से मुंह फेर लिया है। इस बार फेस्टिवल सीजन में स्वदेशी वस्तुओं की मांग बढ़ गई है। खासकर हैंड मेड सामान की बिक्री ज्यादा हो रही है। हैंड मेड करवाचौथ फोटो थाली, डिजाइनिंग फोटो थाली, हैंड मेड विभिन्न प्रकार के चाकलेट्स और मिनी क्रिएचर गार्डन की डिमांड ज्यादा है। कोरोना काल के बाद लोग सचेत हो गए हैं और अपने बजट के मुताबिक ही खर्च कर रहे हैं। ऐसे में स्वदेशी चीजें उन्हें कम कीमत में उनकी मनपसंद के हिसाब से मिल रही हैं। पहले त्योहारों के सीजन में लोग अपने रिश्तेदारों एवं चाहने वालों को महंगा से महंगा चाइनीज उपहार देते थे। अब उसकी जगह स्वदेशी चीजें ले रही हैं।
गिफ्ट की जगह मिनी क्रिएचर गार्डन खरीद रहे लोग
गिफ्ट ए गार्डन की संचालक रितिका का कहना है कि वह लगभग चार साल से गार्डनिंग कर रही हैं। वह लोगों को पर्यावरण से जोड़ने और उन्हें जागरूक करने के लिए मिनी क्रिएचर गार्डन बनाकर स्वजनों और दोस्तों को उपहार के रूप में देने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्हें देखकर लोग काफी जागरूक हुए हैं। इस बार ग्रीन फेस्टिवल मनाने के लिए उनसे विभिन्न तरह के मिनी क्रिएचर गार्डन बनवा रहे हैं। इसमें अभी लोग करवाचौथ में कपल मिनी क्रिएचर, पटाखा मिनी क्रिएचर, भगवान से संबंधित मिनी क्रिएचर, बच्चों से संबंधित मिनी क्रिएचर बनवा रहे हैं। इनकी कीमत 1500 से लेकर 5000 रुपये तक है। इसमें वह छोटा गार्डन बनाती हैं, जिसे पौधों से सजाती है। उनमें त्योहार से संबंधित मूर्तियां लगाती हैं।
प्राकृतिक चीजों का आकर्षण बढ़ा
गगनदीप कौर कहती हैं कि वह घर पर ही प्राकृतिक तरीके से साबुन, शैंपू और चाकलेट्स बनाती हैं। लोग धीरे-धीरे प्राकृतिक चीजों की ओर बढ़ रहे हैं। उनकी मांग के अनुसार ही वस्तुएं बनाती हैं। उन्होंने बताया कि हमने चाकलेट्स को इस तरीके से डिजाइन किया है कि देखने वाले को लगता ही नहीं कि चाकलेट्स है या पटाखे।
आनलाइन आर्डर भी मिल रहे
ट्रूजो डिजाइनर मोनिका बताती हैं कि वह लाकडाउन से घर में गिफ्ट हैंपर बना रही है। इसे लोगों ने पसंद किया। उनके काम को देखकर लोग दूर-दूर से इंटरनेट के जरिए आर्डर पर अपनी पसंद के गिफ्ट बनवाते हैं। हर त्योहार में नए-नए डिजाइन के गिफ्ट लाती हैं। इस बार करवाचौथ के लिए हैंड मेड थाली बना रही हैं। इसमें कपड़ा, रेशमी धागे, लैस, मोती और फूलों का इस्तेमाल करेंगी। थाली में महिलाओं के मांग के अनुसार दिया, छाननी और गढ़वी रखती हैं।