ओलंपियन सुरिंदर सोढी फिर AAP में पहुंचे, जालंधर में भगवंत मान की मौजूदगी में हुए शामिल

ओलिंपियन सुरिंदर सोढी ने कहा कि उन्होंने अकाली दल में शामिल होने की घोषणा जरूर की थी लेकिन वह कभी भी अकाली दल की गतिविधियों में शामिल नहीं रहे। अब वह दोबारा आम आदमी पार्टी से जुड़कर लोगों की सेवा करेंगे।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Mon, 22 Feb 2021 03:27 PM (IST) Updated:Mon, 22 Feb 2021 03:27 PM (IST)
ओलंपियन सुरिंदर सोढी फिर AAP में पहुंचे, जालंधर में भगवंत मान की मौजूदगी में हुए शामिल
ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी फिर आप में शामिल हो गए हैं।

जालंधर, जेएनएन। अरसा पहले आम आदमी पार्टी में छोड़ चुके ओलंपियन सुरिंदर सिंह सोढ़ी एक बार फिर से आम आदमी पार्टी (आप) में वापस आ गए हैं। इससे पहले सोढी ने आप को छोड़कर अकाली दल ज्वाइन करने की घोषणा कर दी थी। हालांकि सोमवार को संगरूर के सांसद और आप पंजाब संयोजक भगवंत मान की उपस्थिति में  वह फिर से पार्टी में शामिल हो गए। सुरिंदर सोढी ने कहा कि उन्होंने अकाली दल में शामिल होने की घोषणा जरूर की थी लेकिन वह कभी भी अकाली दल की गतिविधियों में शामिल नहीं रहे। अब वह दोबारा आम आदमी पार्टी से जुड़कर लोगों की सेवा करेंगे।

बता दें कि ओलिंपियन सुरिंदर सिंह सोढी ने वर्ष 1980 में मॉस्को ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम को गोल्ड मेडल जितवाने में अहम भूमिका निभाई। सेंट्रल फारवर्ड की पोजिशन में खेलते हुए उन्होंने ओलिंपिक के दौरान कुल 16 गोल करके टीम के सिर जीत का सेहरा बंधवाया था। 

भगवंत मान ने साधा कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना

बता दें कि पंजाब आप संयोजक भगवंत मान सोमवार को जालंधर में दोआबा जोन के नेताओं और कार्यकर्ताओं की स्थानीय निकाय चुनाव के बाद हौसला अफजाई करने पहुंचे थे। बता दें कि हाल में संपन्न स्थानीय निकाय चुनाव में आप का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। देश भगत यादगार हॉल में मीडिया से बातचीत में उन्होंने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि किसानों से आंदोलन खत्म करके बातचीत का रास्ता अख्तियार करने की बात करने वाले कैप्टन असल में भाजपा की भाषा बोल रहे हैं। भाजपा भी कानून वापस लेना नहीं चाहती है और कैप्टन इसमें उनकी मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानूनों में संशोधन भी किसानों के हक में नहीं है। इसलिए केंद्र सरकार को इन कानूनों को वापस लेना ही होगा।

chat bot
आपका साथी