विवाहिता के मुंह में कपड़ा ठूंस कर झाड़ू और जूतों से पीटा, घर से निकालने पर बस अड्डे पर गुजारी रात

जंडियाला गांव में विवाहिता की पिटाई कर ससुरालियो ने घर से निकाल दिया जिसके बाद उसने बस स्टैंड पर रात गुजारी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 May 2021 10:47 PM (IST) Updated:Wed, 05 May 2021 10:47 PM (IST)
विवाहिता के मुंह में कपड़ा ठूंस कर झाड़ू और जूतों से पीटा, घर से निकालने पर बस अड्डे पर गुजारी रात
विवाहिता के मुंह में कपड़ा ठूंस कर झाड़ू और जूतों से पीटा, घर से निकालने पर बस अड्डे पर गुजारी रात

जागरण संवाददाता, जालंधर

महानगर में दहेज उत्पीड़न के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया जंडियाला गांव में। वहां गत सोमवार को दहेज में रुपयों की मांग पूरी न होने पर पहले तो विवाहिता के मुंह में कपड़ा ठूंस कर झाड़ू और जूतों से पिटाई की गई। उसके बाद विवाहिता को उसकी छोटी बेटी के साथ घर से निकाल दिया गया। दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हुई पीड़िता ने बस स्टैंड पर रात गुजारी। घटना की जानकारी होने के बाद उसकी मां और भाई उसे अपने साथ ले गए।

पुलिस को दी शिकायत में गांव मीयोवाल की रहने वाली हरदीप कौर ने बताया कि उसकी शादी जंडियाला गांव के नरिदर सिंह के साथ हुई थी। शादी में उसके घर वालों ने अपने साम‌र्थ्य के हिसाब से खर्च किया था। बरात में शामिल 400 लोगों के इंतजाम में कुल दस लाख रुपये खर्च किए गए थे। हरदीप कौर का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान करने लगे थे। उसका पति शादी के बाद दुबई गया तो ससुराल वालों ने उसे मायके पहुंचा दिया। पति के दुबई से आने के बाद भी जब वह अपनी पत्नी और बच्ची को लेने नहीं आया तो पंचायती राजीनामे के बाद वह ससुराल लौटी। उसका आरोप था कि इस दौरान पति ने नशे में उसके साथ कई बार मारपीट की। इसमें ससुर मक्खन सिंह भी उसके पति को बढ़ावा देता था। इसके बाद गत सोमवार को पीड़िता को मारपीट कर बच्ची के साथ घर से बाहर निकाल दिया गया। इस मामले में सदर थाने की पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार रात को आरोपित पति और ससुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल दोनों ही आरोपित मौके से फरार बताया जा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी