जालंधर युवक के साथ ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 5:50 लाख की ठगी, लुधियाना के सगे भाइयों पर केस

मग्घर सिंह ने बताया कि वह फिल्लौर में सैनी स्वीट शॉप नाम से दुकान चलाते हैं और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए विदेश जाना चाहते थे। इसी का फायदा उठाते हुए लुधियाना के दो सगे भाइयों ने उसके साथ ठगी की है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Thu, 12 Aug 2021 04:18 PM (IST) Updated:Thu, 12 Aug 2021 04:18 PM (IST)
जालंधर युवक के साथ ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 5:50 लाख की ठगी, लुधियाना के सगे भाइयों पर केस
लसाड़ा के रहने वाले मग्घर सिंह के ट्रैवल एजेंटों ने ठगी की है। सांकेतिक चित्र।

जासं, जालंधर। महानगर के फिल्लौर थाना क्षेत्र में एक स्वीट शॉप चलाने वाले व्यक्ति के साथ 5.50 लाख की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत की जांच करते हुए आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में लसाड़ा के रहने वाले मग्घर सिंह ने बताया कि वह फिल्लौर में सैनी स्वीट शॉप नाम से दुकान चलाते हैं और परिवार के बेहतर भविष्य के लिए विदेश जाना चाहते थे।

नवंबर, 2019 में उन्हें पता चला कि गांव कडियाना के रहने वाले डोगर लाल और सुखविंदर सिंह ट्रैवल एजेंट का काम करते हैं। उसने आरोपितों से संपर्क किया तो वे उसकी दुकान पर आए और पीड़ित के भाई और उनके गांव के ही रहने वाले धरमिंदर सिंह के सामने उसे एक साल के वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने का सौदा तय किया। तय हुआ कि सात लाख वीजा लगने पर और बाकी सात लाख ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद देने होंगे। इसके बाद आरोपितों ने उन्हें एक वीजा दिखाया। इस पर उसने सात लाख रुपये उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए। बाद में उन्होंने भाई जगजीत सिंह के कहने पर रुपये वापस कर दिए।

आरोपितों ने जनवरी, 2020 में उसे जल्द ऑस्ट्रेलिया भेजने की बात कही और आधे पैसे मांगे। इस पर उसने भाई के खाते से आरोपित के भाई जसमेल सिंह के खाते में छह लाख ट्रांसफर किए। इसके बाद दोनों ने दिल्ली में उसका मेडिकल कराया। फिर, मार्च, 2020 में लाकडाउन लगने पर वह विदेश नहीं जा सका। जब उसने आरोपितों से पैसे मांगे तो वे टालमटोल करने लगे। इस संबंध में साल 2020 में उसने मामले की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। आरोपित ने उन्हें 50 हजार नगद और बाकी 5.50 लाख का चेक काट कर दे दिया। जब उसने चेक को बैंक में लगाया तो पता चला कि जिस खाते का यह चेक था, वह जसमेल सिंह के नाम पर है जबकि दस्तखत उसके भाई सुखविंदर सिंह ने किए हैं। इस वजह से चेक बैंक में कैश नहीं हो पाया। मग्घर सिंह ने मामले की शिकायत दोबारा पुलिस से की। पुलिस ने लुधियाना के जगराओं गांव के रहने वाले दो भाई सुखविंदर सिंह और जसमेल सिंह के साथ-साथ उनके साथी डोगर लाल पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया।

chat bot
आपका साथी