पंजाब में किसानों को 100 करोड़ कर्ज देगी कृषि विकास बैंक, फतेहगढ़ साहिब से हुई शुरुआत

पंजाब की 57 विकास बैंकों की तरफ से किसानों को कर्ज देने के लिए 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं। कर्ज वितरण का राज्य स्तरीय समारोह फतेहगढ़ साहिब में हुआ। इसमें सहकारिता एवं जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जिले के किसानों को कर्ज राशि के चेक बांटे।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Wed, 15 Sep 2021 03:58 PM (IST) Updated:Wed, 15 Sep 2021 04:02 PM (IST)
पंजाब में किसानों को 100 करोड़ कर्ज देगी कृषि विकास बैंक, फतेहगढ़ साहिब से हुई शुरुआत
फतेहगढ़ साहिब में पहले दिन प्रदेश के 254 किसानों को नौ करोड़ रुपए कर्ज राशि के चेक बांटे गए।

धरमिंदर सिंह, फतेहगढ़ साहिब। पंजाब राज्य सहकारी खेतीबाड़ी विकास बैंक लिमिटेड ने एक बार फिर से पंजाब के किसानों को नए प्रोजेक्ट लगाने और रोजगार शुरू करने के लिए कर्ज बांटने की शुरुआत कर दी है। प्रदेश की 57 विकास बैंकों की तरफ से किसानों को कर्ज देने के लिए 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं। कर्ज वितरण का राज्य स्तरीय समारोह फतेहगढ़ साहिब में हुआ। इसमें सहकारिता एवं जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने जिले के किसानों को कर्ज राशि के चेक बांटे। प्रदेश में 254 किसानों को 9 करोड़ रुपए कर्ज राशि के चेक सौंपे गए। जबकि, समारोह स्थल फतेहगढ़ साहिब में सात किसानों को 21 लाख रुपए के चेक दिए गए। इस अवसर पर विधायक कुलजीत सिंह नागरा, विधायक काका रणदीप सिंह, विधायक गुरप्रीत सिंह जीपी भी मौजूद रहे। 

रंधावा ने कहा कि किसानों की मदद के लिए सहकारी बैंक को पुनः विकासशील किया गया है। वर्ष 2018 में जब उन्होंने सहकारिता विभाग का कार्यभार संभाला था तो उस समय विभिन्न वित्तीय संस्थाओं का करीब 400 करोड़ रुपये कर्ज था। इन हालातों में पीएडीबीज के पास नया कर्ज देने के लिए फंड भी नहीं थे। नवंबर, 2020 में उन्होंने नाबार्ड चेयरमैन डा. जीआर चिंतला से मुंबई में जाकर मुलाकात की। इसके बाद नाबार्ड ने पूरे  देश में तीन हजार करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की। साढ़े सात सौ करोड़ रुपये पंजाब को दिए गए। पीएडीबीज ने चार सौ करोड़ का अपना महंगा कर्ज उतारा। पुराना कर्ज 9 फीसद ब्याज दर पर था, जिसे नाबार्ड को 5.6 फीसद ब्याज दर से लौटाना है। ऐसा करके 18 महीनों का ब्याज करीब 21 करोड़ रुपये बचाया गया। 100 रुपये किसानों को कर्ज देने खातिर रखे गए हैं। किसानों की सुविधा के लिए नई योजनाएं जैसे कि मोराटोरियम, कर्ज पुर्नगठन योजना, दंड ब्याज माफी योजना आदि लांच की गई हैं जोकि आसानी से कर्ज वापस करने में सहायक सिद्ध होंगी। 

बादल परिवार ने पंजाब को कर्ज में डुबोया 

कैबिनेट मंत्री रंधावा ने कहा कि दस वर्षों तक सहकारिता विभाग पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के पास रहा था। इस दौरान विभाग को कर्ज में डुबो दिया गया। जलालाबाद में ऐसे केस भी सामने आए हैं कि न तो किसान हैं और न ही जमीन, लेकिन उन्हें कर्ज दिया हुआ है। बादल परिवार ने सरकारी पैसे को अपने चुनाव पर खर्च कर पंजाब को डुबोया है।

chat bot
आपका साथी