Jalandhar Weather Forecast: जालंधर में मानसून की फुहार के बाद आज खिली तेज धूप, गर्मी व उमस करेगी परेशान
Jalandhar Weather Forecast जालंधर में पिछले कुछ दिनों से हो रही मानसून की फुहार के बाद वीकेंड पर तेज धूप खिली रहेगी। जिससे तापमान में तो इजाफा होगा ही साथ ही गर्मी का प्रकोप फिर से बढ़ जाएगा।
जागरण संवाददाता, जालंधर। Jalandhar Weather Forecast: पिछले कुछ दिनों से हो रही मानसून की फुहार के बाद वीकेंड पर तेज धूप खिली रहेगी। जिससे तापमान में तो इजाफा होगा ही, साथ ही गर्मी का प्रकोप फिर से बढ़ जाएगा। ऐसे संकेत मौसम विभाग द्वारा आने वाले 24 घंटे को लेकर दिए गए हैं। इस दौरान लोगों को फिर से उमस का भी सामना करना पड़ सकता है।
सप्ताह के शुरुआत से लेकर रोजाना मानसून की फुहार लोगों को दिन में कुछ समय के लिए राहत प्रदान कर रही है। हालांकि, पॉकेट रेन के कारण उमस भी परेशानी का कारण बन रही है। लिहाजा तड़के तथा रात को कम हो रहे तापमान के चलते लोगों को राहत भी मिल रही है। वहीं वीकेंड पर फिर से गर्मी का प्रकोप बढ़ जाएगा। इस बारे में मौसम विशेषज्ञ डॉक्टर विनीत शर्मा बताते हैं कि आने वाले 24 घंटे के दौरान दोपहर के समय तेज धूप खिली रहेगी। जिससे तापमान में इजाफा होगा। सोमवार के बाद फिर से मौसम सुहावना बना रहने की संभावना है।
हवा में नमी बढ़ी, उमस ने बढ़ाई परेशानी
मानसून की शुरुआत के साथ ही हवा में नमी की मात्र बढ़ गई है। शुक्रवार को हवा में नमी की मात्र 92 प्रतिशत रही। इससे पूर्व दोपहर को खिली तेज धूप तथा उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। वहीं, आने वाले 24 घंटे के दौरान लोगों को फिर से गर्मी के प्रकोप का सामना करना होगा। ऐसे संकेत मौसम विभाग द्वारा दिए गए। शुक्रवार को कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इस दौरान दिन भर अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।