जालंधर में होमगार्ड जवानों को सैलरी मिलने पर एसआइ घर जाकर लेता था हिस्सा, विजिलेंस ने दबोचा
शाहकोट थाने में तैनात होमगार्ड के एसआइ जगीर सिंह को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस टीम ने उसे वीरवार को कोर्ट में पेश किया। इसके बाद आरोपित को दो दिनों के रिमांड पर लेते हुए विजिलेंस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
जालंधर, जेएनएन। बीती बुधवार को शाहकोट थाने में तैनात होमगार्ड के एसआइ जगीर सिंह को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार करने के बाद विजिलेंस टीम ने उसे वीरवार को कोर्ट में पेश किया। इसके बाद आरोपित को दो दिनों के रिमांड पर लेते हुए विजिलेंस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित होमगार्ड जवान मेजर सिंह ने एसआइ पर और भी कई सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।
होमगार्ड जवान मेजर सिंह की मानें तो वो अकेला नहीं है, जिसके साथ जगीर सिंह ऐसा करता था। जिस दिन जवानों के खातों में उनकी सैलरी पहुंचती थी, उसके बाद जगीर जवानों के घर पर अपना हिस्सा लेने पहुंच जाता था। जब कोई जवान जगीर सिंह को उसका हिस्सा देने से मना करता था तो जगीर उन्हें डिसमिस करने की धमकी देता था। उसने बताया कि जगीर पहले होमगार्ड के एक जवान को डिसमिस करा चुका है। जो अब एक ढाबे पर काम करता है। बकौल मेजर सिंह उनकी एक दिन का मानदेय 1100 रुपये है और प्लाटून कमांडर पूरे महीने ड्यूटी करने के बाद भी उन्हें गैरहाजिर दिखाता था और पूरा वेतन देने के नाम पर पांच हजार की रिश्वत की मांग कर रहा था।
आरोपित एसआइ अपनी गिरफ्तारी के समय फूट-फूट कर रोने लगा। जब विजिलेंस की टीम ने नोट का रंग जांचने के लिए उसके हाथ गिलास में रखे केमिकल में डालने को कहा तो आरोपित अपने हाथ अपने कपड़ों में छिपाने लगा था। इसके बाद विजिलेंस की टीम ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपित को गिरफ्तार करते हुए उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया।