Jalandhar Vaccination: जालंधर में वैक्सीनेशन 18 लाख पार, आठ महीने में 80 प्रतिशत जनसंख्या कवर
जालंधर तेजी से सौ फीसद टीकाकरण की ओर बढ़ रहा है। अब तक 13 लाख से अधिक लोग पहली डोज लगवा चुके हैं। चार लाख ऐसे भी हैं जिन्होंने दूसरी डोज भी लगवा ली। इसी महीने सारी आबादी को कम से कम पहली डोज का लक्ष्य है।
जागरण संवाददाता,जालंधर : कोरोना की संभावित तीसरी लहर को रोकने व वैक्सीन लगवाने के लिए जालंधरियों में उत्साह बरकरार है। जालंधर तेजी से सौ फीसद टीकाकरण की ओर बढ़ रहा है। अब तक 13 लाख से अधिक लोग पहली डोज लगवा चुके हैं। चार लाख ऐसे भी हैं जिन्होंने दूसरी डोज भी लगवा ली। लोगों के उत्साह के कारण ही जालंधर में वैक्सीनेशन का कुल आंकड़ा 18 लाख डोज पार कर चुका है। जालंधर में कुल 14.25 योग्य आबादी का टीकाकरण होना है। सेहत विभाग ने लक्ष्य रखा है कि इसी महीने सारी आबादी को कम से कम पहली डोज जरूर लग जाए। इसके लिए लगातार कैंप भी लगाए जा रहे हैं और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। टीकाकरण मुहिम 16 जनवरी से शुरू हुई थी। आठ महीने में 80 फीसद से अधिक आबादी को कवर करना जालंधर के लिए बड़ी उपलब्धि है।
मेगा मुहिम छेड़ी, दो सौ सेंटर चलाए, 50 हजार को लगा टीका
वीरवार को मेगा मुहिम छेड़ 50 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इसके लिए जिले में 207 सेंटर बनाए गए। विभाग के सेंटरों में दस हजार के करीब डोज बची है जो शुक्रवार को लगाई जाएगी। शुक्रवार देर रात और सप्लाई आने की संभावना है, इसलिए सेंटरों की संख्या बढ़ सकती है।
प्रशासन व सेहत विभाग के के आंकड़ों में अंतर
वैक्सीनेशन को लेकर जिला प्रशासन व सेहत विभाग के आंकड़ों में अंतर है। सेहत विभाग के अनुसार कुल 18 लाख 02 हजार 026 डोज लग चुकी है जबकि जिला प्रशासन यह आंकड़ा 17 लाख डोज बता रहा है। दोनों के आंकड़ों में 1.11 लाख डोज का अंतर है। अंतर इसलिए है क्योंकि जिला प्रशासन ने पंजाब सरकार की कोवा एप का डाटा इसमें नहीं जोड़ा। 1.11 लाख लोगों को कोविन के बजाय कोवा एप से टीका लगा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. राकेश चोपड़ा ने बताया कि 20 जून को कोवा एप बंद कर दी गई थी। कुल आंकड़ा 18 लाख पार कर गया है।
48 दिन में 21 बच्चे आए पाजिटिव
वैक्सीनेशन के कारण कोरोना के मरीजों में भले ही कमी आ गई लेकिन बच्चों के पाजिटिव होने के मामले बढऩे लगे है। वीरवार को भी एक और बच्चा संक्रमित हुआ। 48 दिन में 21 बच्चे पाजिटिव पाए जा चुके है।
कोरोना-वैक्सीन मीटर
24 घंटे में नए मामले : 01
कुल सक्रिय मरीज : 34
24 घंटे में टीकाकरण : 50000
कुल टीकाकरण 1802026