जालंधर में Sunday Lockdown खत्म, रात आठ बजे तक खुलेंगी दुकानें; होटल-रेस्टोरेंट्स मालिकों में जगी आस

पंजाब सरकार ने बुधवार से सिनेमाघर जिम होटल एवं रेस्टोरेंट को 50 फीसद क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी है। जालंधर जिला प्रशासन ने भी देर रात आदेश जारी कर कारोबारियों को बड़ी राहत देते हुए संडे लाकडाउन खत्म कर दिया।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 08:37 AM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 08:37 AM (IST)
जालंधर में Sunday Lockdown खत्म, रात आठ बजे तक खुलेंगी दुकानें; होटल-रेस्टोरेंट्स मालिकों में जगी आस
अब सातों दिन दुकानें सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक खुल सकेंगी।

जालंधर, जेएनएन। कोरोना के केसों में लगातार गिरावट के बाद सरकार ने बुधवार से सिनेमाघर, जिम, होटल एवं रेस्टोरेंट को 50 फीसद क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दी है। जालंधर जिला प्रशासन ने भी देर रात आदेश जारी कर कारोबारियों को बड़ी राहत देते हुए संडे लाकडाउन खत्म कर दिया। दुकानों का समय भी बदला गया है। अब सातों दिन दुकानें सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक खुल सकेंगी। पहले छह बजे तक छूट थी।

डीसी घनश्याम थोरी ने आदेश जारी किए कि अब अंतिम संस्कार व शादियों में कम से कम 50 लोग शिरकत कर सकेंगे। शराब के अहाते, बार व पब बंद रहेंगे। सभी रेस्टोरेंट, होटल, कैफे, काफी शाप, फास्ट फूड तथा ढाबे आदि के अलावा सिनेमा, जिम 50 फीसद क्षमता से खोल दिए हैं। बशर्ते वहां काम करने वाले 50 फीसद मुलाजिमों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगी होनी चाहिए। उधर रेस्टोरेंट, होटल, जिम व सिनेमाघरों में फरवरी के बाद फिर से रौनक लौटने की उम्मीद जगी है।

हालांकि कारोबारी राहत से ज्यादा उत्साहित नहीं हैं। उनका यह मानना है कि 50 फीसद क्षमता की शर्त से वे महज खर्च ही निकाल पाएंगे। उधर मल्टीप्लेक्स व सिनेमा संचालक फिलहाल असमंजस में है। कारण, अगर वह खोलते हैं तो उन्हें इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर लेबर तक का खर्च तो पड़ेगा, लेकिन बड़ी फिल्म के रिलीज होने के चलते उनकी परेशानी बढ़ सकती है।

मल्टीप्लेक्स : नई फिल्म रिलीज होने पर दर्शक आएंगे, तब देखेंगे

सरब मल्टीप्लेक्स के मैनेजर मुकेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार से मल्टीप्लेक्स खोलने का प्लान बनाया है। स्टाफ को हिदायतें दे दी। नई फिल्म रिलीज होने के आसार बहुत कम है जिसके चलते दर्शकों की कमी रह सकती है। उसी कारण ज्यादा शो नहीं चलेंगे। महक सिनेमा के एमडी मनमिंदर सिंह ने कहा कि नई फिल्म के रिलीज ना होने के चलते दर्शकों का अभाव रहेगा। सरकारी राहत के बाद भी सिनेमाघर खोलने पर विचार किया जाएगा। एक फरवरी को जब मल्टीप्लेक्स खुले तब भी दर्शक नहीं आए थे, मजबूरी में बंद करना पड़ा था।

जिम: सदस्यों को समय स्लाट जारी किया

राज्य सरकार ने जिम संचालकों को पचास प्रतिशत सदस्यों के साथ जिम खोलने की अनुमति दी है। इसके लिए जिम संचालकों ने सदस्यों को समय स्लाट जारी कर दिए। दो महीने से बंद पड़े जिम को सैनिटाइज करने के साथ-साथ मशीनों को चेक किया गया। बैलेंस जिम के एमडी राजीव तनेजा ने कहा कि तीन महीने बाद सरकार ने उनकी मांग मानी, वे खुश हैं। जालंधर जिम वेलफेयर सोसायटी के चेयरमैन व गोल्ड जिम के एमडी सुमित शर्मा ने राज्य सरकार का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि जिम परिसर में पहले से ही सैनिटाइजर रखे गए है। हर सदस्य को प्रवेश करने से पहले शरीर का टेपरेंचर चेक करवाना होगा। बीमार लोगों को नहीं आने देंगे।

प्रशासन के लिए गाइडलाइंस का पालन करवाना चुनौती

सरकार ने पाबंदियों में छूट तो दे दी लेकिन जिम, होटल व मल्टीप्लेक्स में सिर्फ पचास फीसद लोग ह आएं, उसको यकीनी बनाना प्रशासन के चुनौती रहेगा। प्रशासन ने ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया कि वे इस गाइडलाइंस का पालन कैसे करवाएंगे और कैसे पता करेंगे कि स्टाफ ने वैक्सीन लगवा ली है या नहीं।

डीसी के फैसले से व्यापारी खुश: पंजपीर-अटारी बाजार की होलसेल मार्केट एसो. ने की थी मांग

होलसेल शू मर्चेंट्स एसोसिएशन के प्रधान द¨वदर सिंह मनचंदा व महासचिव प्रवीण हांडा ने होलसेल शू मर्चेंट्स एवं अन्य होलसेल की दुकानें रविवार को भी खोलने की अनुमति मांगी थी। कहा था कि नई गाइडलाइन में सरकार ने डिप्टी कमिश्नरों को अधिकार दिया है कि व्यापारी वर्ग की सुविधा को देखते हुए रविवार को दुकानें खोलने की अनुमति दे सकते हैं। उन्होंने कहा था कि दुकानें खोलने का समय भी रात आठ बजे तक किया जा सके। देर रात डीसी ने विशेषाधिकार का इस्तेमाल कर मांग पूरी की।

chat bot
आपका साथी