जालंधर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, उत्तराखंड से अफीम लाकर सप्लाई करने जा रहे तीन तस्कर दबोचे

तीनों आरोपित सुखबीर सिंह सुखविंदर कौर और जसवीर सिंह अपनी महिंद्रा मार्शल गाड़ी जोकि यूपी नंबर की है में बड़ी मात्रा में अफीम लाकर पंजाब के जालंधर गुरदासपुर होशियारपुर सहित अन्य इलाकों में सप्लाई करने जा रहे थे।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 05:20 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 06:57 PM (IST)
जालंधर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई,  उत्तराखंड से अफीम लाकर सप्लाई करने जा रहे तीन तस्कर दबोचे
जालंधर पुलिस ने भोगपुर में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है।

जालंधर, जेएनएन। उत्तराखंड से अफीम लाकर गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर सहित अन्य शहरों में सप्लाई करने वाली महिला और उसके साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। थाना भोगपुर की पुलिस ने आरोपितों से दो किलो अफीम और यूपी नंबर की महिंद्रा मार्शल गाड़ी भी बरामद की है। आरोपितों की पहचान गुरदासपुर के घोड़ावाहा काहनूवाल निवासी सुखबीर सिंह, सुखबीर की पत्नी सुखविंदर कौर व उसके साथी जसवीर सिंह के रूप में हुई है।

आदमपुर के डीएसपी दविंदर कुमार अत्री ने बताया कि एएसआइ इकबाल सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सुखबीर सिंह, सुखविंदर कौर और जसवीर सिंह अपनी महिंद्रा मार्शल गाड़ी, जोकि यूपी नंबर की है, में बड़ी मात्रा में अफीम ला रहे हैं। आरोपित अफीम पंजाब के जालंधर, गुरदासपुर, होशियारपुर सहित अन्य इलाकों में सप्लाई करने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस ने कुरेशियां नाका के पास निकल रही महिंद्रा मार्शल गाड़ी को रोका। उसमें एक महिला और दो व्यक्ति सवार थे। गाड़ी की तलाशी लेने पर दो किलो अफीम मिली। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि रिमांड के दौरान उनसे सप्लाई देने व लेने वालों के बारे में पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो लोग भी इस मामले में शामिल पाए गए, सभी के खिलाफ कार्रवाई करके उनको गिरफ्तार किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी