50 साल की पत्नी रोज पहनती थी नए-नए सूट, शराबी पति को होने लगा अवैध संबंधों का शक; दर्दनाक तरीके से उतारा मौत के घाट
जालंधर के आंबेडकर नगर में अवैध संबंध के शक में मोहिंदर पाल ने अपनी पत्नी राजरानी की हत्या कर दी। उसने हत्या शुक्रवार तड़के करीब चार बजे की और नौ बजे थाना रामामंडी पहुंच कर कहा कि उसकी पत्नी छत से गिर कर मर गई है।
जालंधर, जेएनएन। चौगिट्टी के साथ लगते आंबेडकर नगर में अवैध संबंध के शक में मोहिंदर पाल ने अपनी पत्नी राजरानी की हत्या कर दी। उसने हत्या शुक्रवार तड़के करीब चार बजे की और नौ बजे थाना रामामंडी पहुंच कर कहा कि उसकी पत्नी छत से गिर कर मर गई है। थोड़ी देर बाद ही उसकी 24 साल की बेटी अमनदीप कौर भी थाने पहुंच गई और कहा कि उसके पिता ने ही मां को मारा है। पुलिस ने अमनदीप के बयानों पर उसके पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मोहिंदर ने सो रही पत्नी के सिर पर 12 बार लोहे के एंगल से वार किया था। अमनदीप कौर उसे बचाने आई तो उसके सिर पर एंगल मारा, लेकिन वो बच गई।
पुलिस को दिए बयानों में अमनदीप कौर ने बताया कि उसकी मां लोगों के घरों में काम करती थी और उसकी पिता टेंपो चलाता था। उसका एक भाई भी है, जो दुबई में रहता है। बीते कुछ समय से उसका पिता मो़हिंदर अपनी पत्नी राजरानी पर शक करने लगा था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी का किसी और से चक्कर चल रहा है। इसी के चलते घर में अक्सर क्लेश रहता था और दोनों में मारपीट भी होती थी। पति पत्नी आपस में बातचीत तक नहीं करते थे। शुक्रवार तड़के मां के चीखने की आवाज आई। वह उनके कमरे में पहुंची तो पिता मां के सिर पर लोहे के एंगल से लगातार वार कर रहा था। उसने पड़ोसियों की मदद से अपनी मां को अस्पताल में पहुंचाया। थाना प्रभारी सुलखण सिंह ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घरों में काम करती, लेकिन पहनती थी नए सूट, इसलिए हुआ शक
पुलिस की जांच में सामने आया कि 50 वर्षीय राजरानी घरों में काम करने के बावजूद रोज नए-नए सूट पहनती थी। इस कारण मोहिंदर को शक हो गया था कि उसकी पत्नी का किसी और से चक्कर है।
----
खुद की हत्या होने की आशंका थी मोहिंदर को
पुलिस की पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसको आशंका थी कि उसकी हत्या कर दी जाएगी। उसने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का दूसरे व्यक्ति से संबंध है। उसे लगने लगा था कि उसकी पत्नी उसकी हत्या कर दूसरी शादी कर लेगी। इसकी कारण उसने वारदात की।
शराब पीने का आदी था आरोपित
आरोपित मोहिंदर शराब पीने का आदी हो गया था। वो रोज शराब पीकर घर में झगड़ा करता और फिर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। जांच में सामने आया कि जिस दिन से उसे पत्नी पर शक हुआ, उस दिन से वो ज्यादा शराब पीने लगा था।