जालंधर में घर की छत पर बैठे दूरदर्शन के रिटायर्ड असिस्टेंट डायरेक्टर को अचानक लगी गोली

जालंधर के आनंद नगर के बर्फ कारखाने के पास शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे अपने घर की छत पर बैठे दूरदर्शन के रिटायर्ड असिस्टेंट डायरेक्टर को अचानक पेट में गोली लग गई। उनके बेटे और बहू ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 09:28 AM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 11:37 AM (IST)
जालंधर में घर की छत पर बैठे दूरदर्शन के रिटायर्ड असिस्टेंट डायरेक्टर को अचानक लगी गोली
अपने घर की छत पर बैठे दूरदर्शन के रिटायर्ड असिस्टेंट डायरेक्टर को अचानक पेट में गोली लग गई।

जालंधर, जेएनएन। आनंद नगर के बर्फ कारखाने के पास शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे अपने घर की छत पर बैठे दूरदर्शन के रिटायर्ड असिस्टेंट डायरेक्टर हरभजन सिंह को अचानक पेट में गोली लग गई। आननफानन में बेटे और बहू ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। गोली कहां से चली और किसने चलाई, इसका पता नहीं लग पाया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस को दी शिकायत में हरभजन सिंह ने बताया कि वो मकसूदां के आनंद नगर में रहते हैं। छत पर उनके साथ बेटे और बहू भी थे। अचानक उनके पेट में गोली लगी, जिससे वो नीचे गिर पड़े। अस्पताल में इलाज के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पुलिस इलाके के सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मामले से जुड़ा कोई सुराग हाथ लग सके। वहीं, पीड़ित परिवार ने किसी के साथ रंजिश होने से इन्कार किया है।

कहां से आई गोली, किसने चलाई; किसी के पास जवाब नहीं :

हरभजन सिंह के स्वजनों की मानें तो उनके घर के आसपास कोई भी घर इतना ऊंचा नहीं है, जहां से उनकी छत पर निशाना लगाया जा सके। वहीं घर के पीछे के हिस्से में भी खाली प्लाट ही हैं, जहां से इतनी ऊंचाई तक गोली चला पाना संभव नहीं है। ऐसे में गोली किसने चलाई, यह रहस्य बना हुआ है।

इलाके के लोगों के लाइसेंसी हथियारों की हो रही है जांच:

थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि घटनास्थल को देखकर लगता है कि गोली किसी ने दूरी से चलाई थी, जिसके चलते वो ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा सकी। गोली के सिक्के को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इसके साथ ही इलाके में हथियार रखने वालों के लाइसेंसों की भी जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी