Jalandhar Coronavirus Update ः जालंधर में सेक्रेड हार्ट अस्पताल के सात स्टाफ सदस्य कोरोना संक्रमित, दो दिन के लिए किया बंद

जालंधर में कोरोना संक्रमण पहले स्कूलों में पहुंचा और अब शहर के बड़े अस्पतालों में भी इसने एंट्री कर ली है। वीरवार को सेक्रेड हार्ट अस्तपाल के सात स्टाफ मेंबर कोरोना पाजिटिव पाए गए। अस्पताल के अलावा जिले में पांच परिवारों के दस सदस्यों सहित 65 नए मरीज रिपोर्ट हुए।

By Vinay kumarEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 06:35 AM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 06:35 AM (IST)
Jalandhar Coronavirus Update ः  जालंधर में सेक्रेड हार्ट अस्पताल के सात स्टाफ सदस्य कोरोना संक्रमित, दो दिन के लिए किया बंद
जालंधर में वीरवार को 65 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए।

जालंधर, जेएनएन। कोरोना के मरीजों की संख्या बढऩे के बावजूद लोग सावधानियों से कन्नी कतरा रहे हैं। उसी का नतीजा है कि संक्रमण पहले स्कूलों में पहुंचा और अब शहर के बड़े अस्पतालों में भी इसने एंट्री कर ली। वीरवार को सेक्रेड हार्ट अस्तपाल के सात स्टाफ मेंबर कोरोना पाजिटिव पाए गए। सेहत विभाग के नोडल अफसर डा. टीपी सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में स्टाफ के संक्रमित आने से अस्पताल को 48 घंटे के लिए बंद रखा जाएगा।

इस दौरान अस्पताल को सैनिटाइज किया जाएगा ताकि संक्रमण खत्म हो जाए। इसके बाद वहां के डाक्टरों व स्टाफ के सैंपल लिए जाएंगे। अस्पताल के अलावा जिले में पांच परिवारों के दस सदस्यों सहित 65 नए मरीज रिपोर्ट हुए। इनमें पुरुषों के मुकाबले महिलाओं की संख्या ज्यादा है। ये मरीज ताजपुर, बुंडाला, ग्रीन पार्क, खुरला किंगरा, तेंगा से एक-एक परिवार के दो-दो सदस्य हैं। फिल्लौर से 9, सेना के अस्पताल से तीन, आदमपुर, जंडूसिंघा, मिट्ठापुर, भोगपुर व भार्गव कैंप से दो-दो लोग भी कोरोना पाजिटिव मरीजों की सूची में शामिल हैं। दो मरीजों की मौत भी हो गई।

उन्होंने बताया कि 3667 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए। 46 मरीजों ने कोरोना से जंग भी जीती। सिविल सर्जन डा. बलवंत सिंह ने कहा कि कोरोना के बढ़ते मामलों को कम करने के लिए लोगों को भी अहम भूमिका अदा करनी होगी। मुंह पर मास्क पहनने, दो मीटर की दूरी रखना व बार बार हाथ धोने की नीतियों की पालना करनी होगी।

माइक्रो कंटेंमेंट जोन
संग ढेसिया
बेअंत नगर जमशेर
बाजवा कला शाहकोट
नगर पिंड

शहीद उधम सिंह नगर
फ्रेंडस कालोनी
बीएसएफ कैंपस

वीरवार को आए केस
बच्चे 03
महिलाएं 35
पुरुष 27

11 दिन में डबल हो गया सक्रिया मरीजों का आंकड़ा
कोरोना के केस जिस रफ्तार से बढ़ रहे हैं, उससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कोरोना को लेकर हम कितने लापरवाह हो गए हैं। 15 फरवरी से पहले पूरे जिले में महज 208 सक्रिय मरीज रह गए थे लेकिन अब उनकी संख्या डबल हो गई। 11 दिन में 12 लोगों की मौत भी कोरोना से हो गई।

तारीख  केस  मौत  सक्रिय केस

15        40     01     208

16       38      00    222

17       20      00    231

18      45       01    263

19       49      01     283

20       38       02    305

21      38       02    328

22      54       03    361

23       35      00    371

24       67      01    402

25      65       02     419

chat bot
आपका साथी