जालंधर कैंट में फिर भयानक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने युवक-युवती को रौंदा, लड़की की हालत गंभीर

जालंधर कैंट में रीगल थिएटर के निकट तेज रफ्तार वरना कार ने सामने से आ रही एक्टिवा सवार लड़की और मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। लड़की की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 05:52 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 06:50 PM (IST)
जालंधर कैंट में फिर भयानक सड़क हादसा, तेज रफ्तार कार ने युवक-युवती को रौंदा, लड़की की हालत गंभीर
जालंधर में तीन दिन के भीतर फिर बड़ा सड़क हादसा हुआ है।

संवाद सहयोगी, जालंधर छावनी। रीगल थिएटर के निकट तेज रफ्तार वरना कार ने सामने से आ रही एक्टिवा सवार लड़की और मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। लड़की की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हालांकि अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। दुर्घटना दिन में करीब डेढ़ बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वरना कार चालक तेज रफ्तार में था। उसने दूसरी साइड जाकर एक्टिवा सवार लड़की तथा मोटरसाइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत में एक्टिवा, मोटरसाइकिल और कार के परखच्चे उड़ गए। घायल लड़की को तुरंत मिलिट्री अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

थाना प्रभारी अश्विनी नंदा के अनुसार लड़की का परिवार सेना के परिवार की है। युवक जालंधर के बस्ती शेख का रहने वाला है। कार चालक ने बताया कि उसकी अचानक आंख लग गई थी, जिस कारण दुर्घटना हो गई। अभी तक युवक या युवती के घरवालों ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। हालांकि दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों वाहन जब्त कर लिए हैं।

चार दिन में तीसरा बड़ा हादसा

जालंधर में पिछले चार दिन में यह तीसरा बड़ा हादसा है। 19 अक्टूबर सुबह 8.30 बजे जालंधर-फगवाड़ा हाईवे क्रास कर रहीं नवजोत कौर और ममला शर्मा को सब इंस्पेक्टर की कार ने चपेट में ले लिया था। नवजोत कौर की मौके पर मौत हो गई थी जबकि उसकी सहेली ममता शर्मा घायल हो गई थी। दुर्घटना के बाद नवजोत के घरवालों ने विरोध में करीब 6 घंटे तक नेशनल हाईवे जाम कर दिया था। 

21 अक्टूबर की शाम मोहन विहार, रामामंडी की दो एक्टिवा सवार महिलाओं को चौगिट्टी फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी थी। वह उन्हें करीब 20 मीटर तक घसीटते हुए ले गया था। दुर्घटना में दोनों की मौत हो गई थी। दुर्घटना के समय पड़ोस में रहने वाली दोनों महिलाएं शहर के अंदर शापिंग करने जा रही थी।

chat bot
आपका साथी