जगबीर बराड़ की कैंट फेरी चर्चा में, नकोदर में समरा फिर सक्रिय

पूर्व विधायक जगबीर बराड़ की जालंधर छावनी में फेरी चर्चा का विषय बनी हुई है। इससे सियासी माहौल गरम है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 15 Aug 2021 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 15 Aug 2021 06:00 AM (IST)
जगबीर बराड़ की कैंट फेरी चर्चा में, नकोदर में समरा फिर सक्रिय
जगबीर बराड़ की कैंट फेरी चर्चा में, नकोदर में समरा फिर सक्रिय

जागरण संवाददाता, जालंधर : पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता जगबीर बराड़ की जालंधर छावनी क्षेत्र में शनिवार की फेरी चर्चा में है। बराड़ जालंधर कैंट हलके से ही विधायक रहे हैं और उनके एक बार फिर अगले विधानसभा चुनाव में कैंट में लौटने की चर्चा भी गरम है। हालांकि बराड़ जालंधर कैंट हलके के तहत आते माडल टाउन में ही रहते हैं, लेकिन पिछला चुनाव नकोदर विधानसभा हलके से लड़ने के बाद से बराड़ नकोदर में ही सक्रिय रहे हैं।

अब विधानसभा चुनाव से करीब छह महीने पहले यह चर्चा है कि बराड़ जालंधर कैंट से चुनाव लड़ेंगे। उनके अकाली दल में लौटने की भी चर्चा गरम है, लेकिन इस पर कोई भी स्पष्ट रूप से कुछ कहने को तैयार नहीं है। इस बीच जालंधर छावनी में अपने पुराने साथियों से मिलकर बराड़ ने यह संकेत दिए हैं कि कैंट हलके में उनकी वापसी हो सकती है। हालांकि वह यहां एक पुराने साथी के निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन कई दुकानदारों ने उनसे मुलाकात की है। बराड़ अपने पुराने साथी सुरिदर सिंह, चरनजीत सिंह चड्ढा, राजिदर बांसल व सुरिदर बावा से मिले।

वहीं नकोदर विधानसभा हलके में पूर्व मंत्री अमरजीत सिंह समरा एक बार फिर सक्रिय राजनीति में लौटते नजर आ रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में समरा की सिफारिश पर ही जगबीर बराड़ को चुनाव में उतारा गया था, लेकिन बराड़ गुरप्रताप सिंह वडाला से हार गए थे। अब समरा और बराड़ में भी राजनीतिक संबंध बिगड़े हुए हैं। नगर कौंसिल चुनाव में भी दोनों नेताओं में काफी टकराव देखने को मिला था। समरा ने स्वास्थ्य कारणों से चुनाव नहीं लड़ा था, लेकिन अब एक बार फिर एक्टिव हो गए हैं और कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क में हैं। उनके अगला चुनाव लड़ने की संभावना को भी इस बात से बल मिल रहा है कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में नकोदर के कांग्रेस कार्यालय में हलका इंचार्ज बराड़ की जगह समरा के झंडा फहराने का कार्यक्रम रखा गया है।

chat bot
आपका साथी