फिट इंडिया के लिए आइटीबीपी के जवान परिवार के साथ पांच किमी दौड़े

फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 के अंतर्गत 30 बटालियन आइटीबीपी ने भी करतारपुर में पांच किमी दौड़ लगवाई।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 14 Aug 2021 06:37 PM (IST) Updated:Sat, 14 Aug 2021 06:37 PM (IST)
फिट इंडिया के लिए आइटीबीपी के जवान परिवार के साथ पांच किमी दौड़े
फिट इंडिया के लिए आइटीबीपी के जवान परिवार के साथ पांच किमी दौड़े

संवाद सहयोगी, करतारपुर : फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 के अंतर्गत 30 बटालियन आइटीबीपी (भारत तिब्बत सीमा पुलिस) कैंप में शनिवार को अधिकारियों, जवानों, पारिवारिक सदस्यों और बच्चों ने पांच किलोमीटर दौड़ लगाई। दौड़ का शुभारंभ उप सेनानी सुनील कुमार ने किया।

उप सेनानी सुनील कुमार ने बताया कि फिट इंडिया फ्रीडम 2.0 का मुख्य उद्देश्य भारत वासियों में नव चेतना जागृत करना है। इसके तहत लोगों को प्रत्येक दिन 30 मिनट तक शारीरिक गतिविधियां करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि उक्त कार्यक्रम 13 अगस्त से दो अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान आइटीबीपी कैंप सरायखास से जंग-ए-आजादी यादगार करतारपुर तक पांच किलोमीटर की पैदल चाल एवं दौड़ का आयोजन हुआ, जिसमें वाहिनी के सभी अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं अन्य कर्मियों के साथ-साथ हिमवीर परिवारजनों एवं बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

बता दें फिट इंडिया फ्रीडम रन 2.0 की शुरुआत दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम से शुक्रवार को हुई थी। इसमें केंद्रीय युवा मामलों व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर तथा खेल राज्यमंत्री निसिथ प्रामाणिक ने दौड़ को झंडी दिखाई व खुद भी दौड़ लगाई थी। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने कहा था कि हम आजादी के 75वें वर्ष का जश्न मना रहे हैं। ऐसे में अगले 25 वर्षो में हमारा राष्ट्र क्या आकार और दिशा लेगा, यह इस पर निर्भर करेगा कि हम कितने फिट हैं। एक युवा मन, शरीर और आत्मा स्वस्थ व फिट इंडिया के प्रमुख तत्व हैं। केवल 'फिट इंडिया' ही हिट इंडिया बनाएगा। हर नागरिक को फिट इंडिया अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। बीएसएफ के जवान अटारी सीमा से इसमें शामिल हुए और मंत्री ने बीएसएफ कर्मियों को फिट इंडिया आंदोलन को प्रत्येक गांव तक ले जाने के लिए कहा था।

chat bot
आपका साथी