अपनी सुना लौटे उद्योग मंत्री, उद्यमियों की सुनने को चंडीगढ़ बुलाया

उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा वीरवार शाम अपनी ही सुना कर लौट गए और उद्योगपतियों को चंडीगढ़ आने का न्योता दे गए।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 01:07 AM (IST) Updated:Fri, 05 Jun 2020 01:07 AM (IST)
अपनी सुना लौटे उद्योग मंत्री, उद्यमियों की सुनने को चंडीगढ़ बुलाया
अपनी सुना लौटे उद्योग मंत्री, उद्यमियों की सुनने को चंडीगढ़ बुलाया

जागरण संवाददाता, जालंधर : आनन-फानन में जालंधर पहुंचे प्रदेश के उद्योग मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा वीरवार शाम को अपनी ही सुना कर लौट गए और उद्योगपतियों की समस्याओं को सुनने के लिए उन्हें चंडीगढ़ आने का न्योता दे गए। अपनी बातों में अरोड़ा ने पंजाब सरकार की पीठ थपथपाई। चार नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा की, कोविड-19 के दौरान सरकार की कारगुजारी बताई और पंजाब की इंडस्ट्री को देशभर में आगे ले आने का दावा भी कर गए। हालांकि जालंधर की इंडस्ट्री में लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का हल या उसमें राहत को लेकर उन्होंने कोई घोषणा नहीं की।

जिला प्रशासकीय परिसर में जालंधर इंडस्ट्रीयल एंड ट्रेडर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के कन्वीनर गुरशरण सिंह ने वैट रिफंड, सी फॉर्म की अनुपलब्धता के चलते डीम्ड असेसमेंट और बिजली बिलों पर वसूले जाने वाले फिक्स्ड चार्जेस को साल भर के लिए खत्म करने की बात उठाई तो मंत्री महोदय ने उन्हें इन मामलों के हल के लिए चंडीगढ़ आने का न्योता दे दिया। जालंधर इंडस्ट्रीयल फोकल प्वाइंट एक्सटेंशन एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सग्गू ने फोकल प्वाइंट में लैंड इन्हांसमेंट का मसला उठाया, लेकिन उन्हें भी कोई ठोस जवाब नहीं मिला। उद्योग नगर मैन्यूफैक्चरिग एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजिदर सिंह भसीन ने स्किल डेवलपमेंट सेंटरों से जालंधर की इंडस्ट्री को कोई फायदा ना मिलने की बात भी उठाई। उन्होंने कहा कि जालंधर के स्किल सेंटरों में युवा ट्रेनिग तो ले लेते हैं, लेकिन नौकरी करने के लिए गुड़गांव चले जाते हैं। ऐसे में उन सेंटरों का कोई फायदा नहीं।

श्रमिकों को बारे में अरोड़ा ने कहा कि वे कल ही झारखंड से वापस आ रहे श्रमिकों की दो बसों का स्वागत कल करने वाले हैं। इस पर तेजिदर सिंह भसीन ने उनसे श्रमिकों की वापसी को लेकर नियम एवं कानून के बारे में पूछा तो मंत्री इससे अनभिज्ञ नजर आए। भसीन ने पूछा था कि अगर दूसरे राज्यों के श्रमिक जालंधर वापस लौटते हैं तो उन्हें कितने दिन क्वारंटाइन करना होगा। इसके मंत्री के पास कोई जवाब नहीं था। हालांकि इस दौरान अरोड़ा ने फोकल प्वाइंट में सीवरेज का काम शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्पो‌र्ट्स एंड सर्जिकल कांप्लेक्स में भी छह करोड़ से अधिक के काम शुरू किए गए हैं।

थपथपा गए डीसी और सीपी की पीठ

मीटिंग के दौरान अरोड़ा ने कोरोना वायरस से लोगों को बचाने के लिए डीसी वरिदर कुमार शर्मा और सीपी गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में किए गए ठोस प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने अपनी सेवा, परिश्रम एवं समर्पण से सार्वजनिक सेवा में बेंचमार्क निर्धारित किया है। अरोड़ा ने कहा कि इससे लोगों को बहुत जरूरी राहत देने में मदद मिली है।

chat bot
आपका साथी