यूथ कांग्रेस में विधायकों-दावेदारों की सिफारिश पर हुई सैकड़ों नियुक्तियां रद

विधानसभा चुनाव से छह महीने पहले यूथ कांग्रेस में विभिन्न पदों पर की गई सैकड़ों नियुक्तियां रद कर दी गई है। यह नियुक्तियां यूथ कांग्रेस के संविधान और प्रोटोकाल के मुताबिक नहीं की गई थी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 07:00 AM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 07:00 AM (IST)
यूथ कांग्रेस में विधायकों-दावेदारों की सिफारिश पर हुई सैकड़ों नियुक्तियां रद
यूथ कांग्रेस में विधायकों-दावेदारों की सिफारिश पर हुई सैकड़ों नियुक्तियां रद

जासं, जालंधर : विधानसभा चुनाव से छह महीने पहले यूथ कांग्रेस में विभिन्न पदों पर की गई सैकड़ों नियुक्तियां रद कर दी गई है। यह नियुक्तियां यूथ कांग्रेस के संविधान और प्रोटोकाल के मुताबिक नहीं की गई थी। नियुक्तियां रद करने से यूथ कांग्रेस में नाराजगी बढ़ सकती है और इसका खामियाजा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों को भी भुगतना पड़ सकता है। इनमें से बड़ी गिनती में नियुक्तियां मौजूदा कांग्रेस विधायकों और आगामी चुनाव में टिकट के दावेदारों की सिफारिशों पर की गई थी।

माना जा रहा है कि यूथ कांग्रेस में नियुक्तियां रद करने का एक बड़ा कारण मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के बीच चल रही खींचतान से पैदा हुई गुटबंदी है। पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बरिदर सिंह ढिल्लों का ग्रुप इस समय नवजोत सिंह सिद्धू के साथ चल रहा है। यूथ कांग्रेस प्रधान ने मौजूदा कांग्रेसी विधायक और कांग्रेस के हलका इंचार्जों की सिफारिश पर ही नियुक्तियां की है, ऐसे में जिन्हें पद से हटाया गया है उनकी नाराजगी पार्टी पर भारी पड़ेगी। विधानसभा हलकों में नियुक्ति के लिए नियुक्ति-पत्र पर यूथ कांग्रेस के जिला प्रधान के हस्ताक्षर और मुहर होना जरूरी है। जिसे जिम्मेवारी दी जा रही है उसकी यूथ कांग्रेस की मेंबरशिप भी देनी होती है। इसके बिना नियुक्ति को अवैध माना जाता है। बिना मंजूरी नियुक्ति की तो होगा एक्शन

नियुक्तियों पर रोक के साथ आदेश दिया गया कि अगर भविष्य में कोई भी हलका प्रधान बिना जिला प्रधान की मंजूरी और बिना प्रोटोकाल के नियुक्ति करेगा उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा। यूथ कांग्रेस में मुख्य पदों पर चयन मतदान के जरिए होता है लेकिन कुछ पदों पर राजनीतिक लाभ लेने के लिए नई नियुक्तियां कर दी जाती हैं।

--------

पंजाब प्रधान ने 10 दिन पहले रोकी थी एक लिस्ट

पंजाब यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष बरिदर सिंह ढिल्लों ने 28 अगस्त को एक पत्र जारी कर मीडिया से अपील की थी कि यूथ कांग्रेस के नए पदाधिकारियों की जो सूची सार्वजनिक हुई है उसे मीडिया में प्रचारित न किया जाए। प्रधान ने कहा था कि यह सूची किन्हीं कारणों से रोकी गई हैं। इनमें कुछ नाम हटाए जाने हैं और कुछ नए शामिल किए जाने हैं। बताया जा रहा है कि सूची रोकने का तब एक बड़ा कारण प्रोटोकाल के मुताबिक नियुक्तियां न करना था और हाईकमान ने इस पर नाराजगी जताई थी। ----------

जालंधर कैंट में नई नियुक्ति से पैदा हुई हलचल

कैंट हलके में भूपिदर सिंह जौहल की यूथ कांग्रेस के ब्लाक प्रधान पद पर नियुक्ति ने यह हलचल पैदा की है। कैंट से टिकट के दावेदार इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन राजिदर पाल सिंह राणा रंधावा की मौजूदगी में यूथ कांग्रेस के हलका प्रधान लक्की संधू ने यह नियुक्ति की थी। नियुक्ति के कारण कैंट हलके में सियासत गरमा गई है और चर्चा यह है कि मौजूदा विधायक परगट सिंह की नाराजगी के बाद भूपिदर सिंह जौहल को पद से हटाने के आदेश जारी हुए हैं। हालांकि इस वजह से कैंट हलके में गुटबंदी और बढ़ेगी।

chat bot
आपका साथी