राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई से दहला होशियारपुर, कांग्रेस की महिला पार्षद के बेटे ने युवक पर बरसाईं गोलियां
गोली चलाने वाले की पहचान वार्ड नंबर 15 की महिला पार्षद के बेटे नवीन कुमार के रूप में हुई है। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में एक ही आरोपित को गिरफ्तार किया है जबकि बाकी 5 लोग फरार हैं।
जासं, होशियारपुर। सुंदर नगर में वार्ड नंबर 15 में वर्चस्व की लड़ाई में कांग्रेस महिला पार्षद के बेटे नवीन कुमार पर मनप्रीत उर्फ मोमू कुमार नाम के युवक को गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। मोमू के 3 गोलियां लगी हैं। एक उसकी पीठ, दूसरी टांग और तीसरी टांग के ऊपरी हिस्से में लगी है। सुंदर नगर के ही रहने वाले मोमू को पहले सिविल अस्पताल व बाद में गंभीर हालत देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। गोली चलाने के पीछे कारण राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है।
वहीं, लोगों ने इंसाफ के लिए रहीमपुर चौकी के बाहर धरना लगा दिया। उनकी मांग थी कि आरोपितों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में एक ही आरोपित को गिरफ्तार किया है जबकि बाकी 5 लोग फरार हैं। उनका आरोप है कि चौकी इंचार्ज आरोपितों के साथ मिलीभगत से सारा मामला दबाने में लगा हुआ है।
नवीन कुमार के घरवालों का कहना है कि नवीन ने गोली अपने बचाव में चलाई है। वहीं, धरने में मौजूद मोमू के हक में इंसाफ की गुहार लगा रहे लोगों ने बताया कि नवीन ने मोमू पर इसलिए गोली चलाई क्योंकि वह इलाके में नवीन व उसके परिवार की धक्केशाही का विरोध करता था। यदि मोमू ने हमला किया होता तो गोली उसकी पीठ में नहीं लगती। आरोपित ने बड़ी चालाकी से मोमू के पीठ में गोली मारी है।
यह भी पढ़ें - Virbhadra Singh passed away: कैप्टन अमरिंदर सिंह बोले- बड़े भाई ही नहीं गुरु भी थे राजा वीरभद्र, साथ बिताए पलों को किया याद