जालंधर के होटल में रात 12 बजे जुआ खेलते चार लोग धरे, छुड़वाने को थाने में जुटे रहे विधायक के गुर्गे

जालंधर में बीएसएफ चौक स्थित बेस्ट वेस्टर्न होटल के एक कमरे से पुलिस ने जुआ खेलते चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों से लाखों रुपए कैश बरामद हुआ है। वहीं फरार दो आरोपितों की पहचान कर तलाश शुरू कर दी है।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Thu, 07 Oct 2021 09:02 AM (IST) Updated:Thu, 07 Oct 2021 10:11 AM (IST)
जालंधर के होटल में रात 12 बजे जुआ खेलते चार लोग धरे, छुड़वाने को थाने में जुटे रहे विधायक के गुर्गे
बेस्ट वेस्टर्न होटल में पुलिस ने रेड कर आरोपितों की गिरफ्तार किया।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर में बीएसएफ चौक स्थित बेस्ट वेस्टर्न होटल के एक कमरे से पुलिस ने जुआ खेलते चार लोगों को गिरफ्तार किया है। दो आरोपित फरार हो गए जिनकी पुलिस ने पहचान कर ली है। आरोपितों के कब्जे से दस लाख पांच हजार रुपये कैश बरामद हुए। उनकी पहचान संदीप पुत्र भारत भूषण निवासी 17 मोहल्ला जालंधर, अमृतपाल सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी आनंद नगर, गगनजीत सिंह पुत्र बलजीत सिंह निवासी पक्का बाग, राजेश कुमार पुत्र किशोरी लाल भारत नगर होशियारपुर के रूप में हुई। गगनदीप पुत्र रूपलाल निवासी प्रीत नगर सोढल और अविनाश सिंह पुत्र मोहन सिंह कृष्णानगर बंगा फरार है।

थाना प्रभारी रविंदर कुमार ने बताया कि देर रात करीब 11:45 बजे सूचना मिली थी कि होटल की तीसरी मंजिल पर एक कमरे में जुआ चल रहा है जिसके बाद पुलिस ने मौके पर छापेमारी करते हुए 4 लोगों को पकड़ा। सूत्रों की माने तो गिरफ्तार किए गए युवक शहर के एक कांग्रेस विधायक से जुड़े हैं। उनको छुड़वाने के लिए देर रात तक विधायक के गुर्गे थाने में जुटे रहे।

पुलिस की पूछताछ में होटल के कर्मचारियों ने बताया कि आरोपितों ने कमरा किराए पर लिया था। उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि कमरे में जुआ चल रहा है। रात करीब डेढ़ बजे पुलिस ने सभी छह आरोपितों पर संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।

दड़ा सट्टा लगाता एक गिरफ्तार

संस, जालंधर : जालंधर कैंट की पुलिस ने फगवाड़ा चौक पर गुप्त सूचना के आधार पर नरिंदर करियाना स्टोर मोहल्ला नंबर 16 के सामने एक व्यक्ति को दड़ा सट्टा लगाते काबू किया। पुलिस ने मनोज कुमार पुत्र नरिंदर कुमार निवासी संसारपुर से 3110 रुपये बरामद किए।

डोडे व अफीम समेत काबू

संसू, जंडूसिंघा: गांव नौली में पतारा पुलिस ने युवक को 100 ग्राम अफीम व दो किलो डोडे समेत गिरफ्तार किया गया। थाना प्रभारी रछपाल सिंह ने बताया कि आरोपित मनबीर सिंह मन्ना (काला) निवासी गांव खिच्चीपुर, जालंधर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।

chat bot
आपका साथी