विदेश न जा पाने पर फिरोजपुर की महिला ने बनाई ननद की फेक आइडी, अश्लील गाने व मैसेज अपलोड किए

पति से तलाक हो गया तो महिला ने रंजिश में पूर्व ननद को बदनाम करने के लिए उसकी इंस्टाग्राम पर फेक आइडी बनाई और अश्लील गाने व मैसेज अपलोड कर दिए। उसने उसका करियर खराब करने की तीन बार कोशिश की।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 04:51 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 04:51 PM (IST)
विदेश न जा पाने पर फिरोजपुर की महिला ने बनाई ननद की फेक आइडी, अश्लील गाने व मैसेज अपलोड किए
महिला ने पति से तलाक के बाद ननद का करियर खराब करने की कोशिश की है। सांकेतिक चित्र।

जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। विदेश जाने के लिए पहले शादी की। ससुराल के खर्च पर तीन बार आइलेट्स की बैंड न आने के कारण विदेश नहीं जा सकी। इसके बाद पति से तलाक हो गया तो रंजिश में ननद को बदनाम करने के लिए उसकी इंस्टाग्राम पर फेक आइडी बनाई और उस पर अश्लील गाने व मैसेज अपलोड कर दिए। महिला ने कनाडा स्टडी कर रही पूर्व ननद का करियर खराब करने की तीन बार कोशिश की। काफी समझाने के बाद भी जब वह नहीं मानी तो फेक आईडी बनाने के चौथे प्रयास के बाद पीड़ित के पिता ने महिला के खिलाफ शिकायत देकर केस दर्ज करवाया है।

जीरा के गांव सनौर के सुखदेव सिंह किसान नेता है। उनकी बेटी कनाडा में पढ़ाई कर रही है। उन्होंने शिकायत में कहा कि मनजिंदर कौर निवासी धर्मकोट (मोगा) ने विदेश जाने के चक्कर में उनके भतीजे से शादी की थी। सुखदेव सिंह ने कहा पुत्रवधू को विदेश भेजने के लिए तीन बार आइलेट्स कराई, लेकिन उसके बैंड कम आते रहे। यहां तक कि एक बार उसके मायके वालों को भी मोगा से आइलेट्स कराने का खर्च दिया, लेकिन बैंड नहीं आए। विदेश जाने की चाहत पूरी न हुई तो मनजिंदर ने घर का काम करने से मना कर दिया। घरेलू क्लेश के कारण मनजिंदर का तीन साल पहले तलाक हो गया।

इसके बाद उसने विदेश गई उनकी बेटी की इंस्टाग्राम पर फेक आइडी बना अश्लील मैसेज और आपत्तिजनक फोटो की अपलोड कर दिए। बेटी ने कनाडा में शिकायत की तो पता चला आईडी पंजाब से जनरेट हुई थी। जांच के बाद पता चला मनजिंदर ने वह आइडी बनाई थी। उन्होंने बेटी समझ कर उसको माफ कर दिया, लेकिन उसने तीन बार इस तरह की हरकत की तो तंग आकर थाना जीरा में पर्चा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर मोहिल धवन ने कहा कि जांच के बाद आरोपित पर मामला दर्ज किया है। उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है।

यह भी पढ़ें - पंजाब के नए CM चरणजीत सिंह चन्नी के साथ सुखजिंदर सिंह रंधावा ने भी ली मंत्री पद की शपथ, 2002 में पहली बार बने थे MLA

यह भी पढ़ें - चन्‍नी की ताजपाेशी के बाद पंजाब कांग्रेस के समीकरण पर विपक्षी दलों की नजर, कलह में तलाश रहे संभावनाएं

chat bot
आपका साथी