पहले बिना दहेज की शादी, दो माह बाद कार की मांग काे लेकर पति करने लगा उत्पीड़न

फ्रेंडस कॉलोनी वासी प्रिया शर्मा की शादी 27 जनवरी 2017 को न्यू कॉलोनी गोपाल नगर के वरुण शर्मा के साथ हुई थी। यह शादी बिना दहेज के हुई थी। लेकिन शादी के दो महीने बाद ही वरूण ने दहेज की मांग को लेकर ताने मारने शुरू कर दिए।

By Edited By: Publish:Wed, 30 Sep 2020 01:45 AM (IST) Updated:Wed, 30 Sep 2020 08:48 AM (IST)
पहले बिना दहेज की शादी, दो माह बाद कार की मांग काे लेकर पति करने लगा उत्पीड़न
दहेज के लिए तंग करने पर आरोपित पति के खिलाफ केस दर्ज। (सांकेतिक चित्र)

जालंधर, जेएनएन। पहले बिना दहेज के शादी की और फिर दो महीने बाद ही ताने मारने शुरू कर दिए। दहेज में कार की मांग पूरी न हुई तो पत्नी से मारपीट शुरू कर दी। पीड़िता ने पुलिस को इसकी शिकायत कर दी। अब महिला पुलिस थाने की जांच के बाद आरोपित पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

फ्रेंडस कॉलोनी वासी प्रिया शर्मा की शादी 27 जनवरी 2017 को न्यू कॉलोनी गोपाल नगर के वरुण शर्मा के साथ हुई थी। यह शादी बिना दहेज के हुई थी। लेकिन शादी के दो महीने बाद ही वरूण शर्मा ने दहेज की मांग को लेकर प्रिया को ताने मारने शुरू कर दिए। वह दहेज में कार मांगने लगा।

ससुराल परिवार में प्रिया के साथ नौकरों की तरह बर्ताव किया जाने लगा। जब प्रिया ने कार के साथ सोने की चेन व नकदी की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो वरूण ने उससे झगड़ा किया। शादी के करीब छह-सात महीने बाद वरूण इटली चला गया। सात मार्च 2018 को प्रिया के घर लड़की पैदा हुई। लड़की पैदा होने पर उसके पति ने उसे और परेशान करना शुरू कर दिया।

दिसंबर 2019 में पति के परेशान करने पर वह अपने मायके लौट आई। फिर दोनों परिवारों के बीच गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में राजीनामा हुआ और वह ससुराल लौट गई। 13 जून 2020 को फिर पति ने उसे परेशान किया और मारपीट की। उसने अपने मायके में इसकी जानकारी दी, जिसके बाद उसका भाई दीपक वहां से उसे अपने साथ ले आया।

सास-ससुर को क्लीन चिट

महिला थाना पुलिस ने जांच में प्रिया की तरफ से आरोपित बनाए सास-ससुर को क्लीन चिट दे दी। उन्होंने जांच में लिखा कि उसके ससुर धर्मपाल शर्मा की उम्र 75 साल है और वो चलने-फिरने में असमर्थ है। सास इंदुबाला भी 63 साल की बुजुर्ग है और उनके द्वारा प्रिया को तंग करने की कोई बात सामने नहीं आई।

मारपीट में नहीं हुआ केस दर्ज

जांच में यह भी पता चला कि जब 13 जून को प्रिया के साथ पति वरूण ने मारपीट की तो उसकी सिविल अस्पताल में एमएलआर भी काटी गई थी। इसके बाद इसे थाना डिवीजन नंबर दो को भेजा गया। इसके बावजूद पुलिस ने सिर्फ रिपोर्ट दर्ज कर खानापूर्ति कर दी।

वरुण के खिलाफ कोई केस दर्ज नहीं किया गया। प्रिया ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वो एमएलआर लेकर खुद थाना दो गई थी और शिकायत भी दी थी, लेकिन आरोपित का राजनीतिक रसूख होने की वजह से कोई कार्रवाई नहीं की गई।

chat bot
आपका साथी