विदेश में झगड़े फिरोजपुर के दंपती, भारत लौटने पर पति का पत्नी को संपत्ति में हिस्सा देने से इन्कार
जसवंत सिंह ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की शादी वर्ष 2017 में कंवलजीत सिंह के साथ हुई थी। उस समय कंवलजीत न्यूजीलैंड में रहता था। विवाह के बाद उसकी बेटी भी उसके साथ न्यूजीलैंड चली गई। वहां दोनों में झगड़ा रहने लगा तो वे भारत लौट आए।
संवाद सूत्र, फिरोजपुर। पति-पत्नी में झगड़ा हो गया तो वे न्यूजीलैंड से स्वदेश लौट आए। यहां भी अनबन जारी रही तो पति ने पत्नी से मायके से दहेज में 50 लाख रुपये लाने को कहा। इसके बाद उसने और उसकी मां ने महिला को संपत्ति में से हिस्सा देने से इन्कार कर दिया। थाना सिटी पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर उनके विरुद्ध केस दर्ज करके प्रकरण की जांच आरंभ की है।
विवेचना अधिकारी एएसआइ रमन कुमार ने बताया कि फरीदकोट के रहने वाले जसवंत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई कि उनकी लड़की की शादी साल 2017 में सिख रिति-रिवाज के साथ फिरोजपुर निवासी कंवलजीत सिंह के साथ हुई थी। उस समय कंवलजीत सिंह न्यूजीलैंड में रहता था। विवाह के बाद उसकी बेटी भी उसके साथ न्यूजीलैंड चली गई थी। वहां रहने के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा होने लगा। इस कारण साल 2019 में वे दोनों भारत लौट आए। इसके बाद दामाद कंवलजीत सिंह ने उनकी बेटी से दहेज में 50 लाख रुपये व अपने हिस्से की जमीन मांगी। इस पर उन्होंने शिकायत फरीदकोट पुलिस को दी। पुलिस ने कंवलजीत सिंह के विरुद्ध दहेज मांगने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद उन्होंने मई, 2021 में थाना सिटी पुलिस को एक अर्जी दी। इसमें उन्होंने कहा कि कंवलजीत सिंह उनकी लड़की को अपनी जायदात में हिस्सा नहीं दे रहा है। उन्होंने उस पर बेटी को जायदाद से वंचित रखने और गुमराह करने के आरोप लगाए।
पुलिस ने जांच पड़ताल करने के बाद शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कंवलजीत और उसकी मां के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - पंजाब के सीएम दिल्ली में, दिल्ली के सीएम पंजाब में; सुनील जाखड़ के ट्वीट के जवाब में केजरीवाल की स्माइली