जालंधर से 26 जनवरी को दिल्ली ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए किसानों के काफिले हो रहे रवाना

Kisan Andolan कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ रोष व्यक्त करने के लिए 26 जनवरी को दिल्ली की सड़कों पर ट्रैक्टर परेड करने के लिए किसान पुरजोर तैयारियों में जुटे हुए हैं। जालंधर से दिल्ली के लिए काफिले रवाना होने शुरू हो गए हैं।

By Rohit KumarEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 12:13 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 12:13 PM (IST)
जालंधर से 26 जनवरी को दिल्ली ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए किसानों के काफिले हो रहे रवाना
कृषि सुधार कानूनों को रद करवाने को लेकर किसानों का संघर्ष लगातार जारी है।

जालंधर, जेएनएन। कृषि सुधार कानूनों को रद करवाने को लेकर किसानों का संघर्ष लगातार जारी है। कृषि कानूनों के खिलाफ रोष व्यक्त करने के लिए 26 जनवरी को दिल्ली की सड़कों पर ट्रैक्टर परेड करने के लिए किसान पुरजोर तैयारियों में जुटे हुए हैं। जालंधर से दिल्ली के लिए काफिले रवाना होने शुरू हो गए हैं। जीटी रोड पर अन्य वाहनों के अलावा ट्रैक्टरों की संख्या भी बढ़नी शुरू हो गई है।

जालंधर-अमृतसर व जालंधर-पठानकोट हाइवे पर पिछले दिनों से ट्रैक्टर ट्रालियों का काफिला लगातार दिल्ली की तरफ जा रहा है। शनिवार को भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के जत्थेदार कश्मीर सिंह व यूथ प्रधान अमरजोत सिंह की अगुवाई में जमशेर से ट्रैक्टर रैली रवाना हुई। करीब 170 ट्रैक्टर दिल्ली के लिए रवाना हुए जो जंडियाला से होते हुए जीटी रोड पर जा मिले। वहीं, प्रतापपुरा से भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल जसवंत सिंह की अगुआई में 200 ट्रैक्टरों का काफिला प्रतापपुरा से रवाना हुआ जोकि नकोदर रोड, लिंक रोड, गुरु नानक मिशन चौक, बीएमसी चौक व डीसी आफिस से होते हुए व जीटी रोड से होते हुए दिल्ली के लिए निकले।

इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन लक्खोवाल के जिला प्रधान जसवंत सिंह सिंघपुर दोना ने कहा कि उनकी जत्थेबंदी द्वारा प्रतापपुरा की दाना मंडी में इकट्ठ किया जाएगा। वहां से रैली की शक्ल में ट्रैक्टरों से किसान दिल्ली की तरफ निकलेंगे। शहर में पहले भाजपा के दिल्ली से सांसद हंसराज हंस की रिहायश का घेराव किया जाएगा, इसके बाद डिप्टी कमिश्नर दफ्तर के बाहर किसानी संघर्ष के समर्थन में प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद बीएसएफ चौक से लुधियाना हाइवे द्वारा दिल्ली की तरफ कूच किया जाएगा।

दिल्ली जाने के लिए किसान जिले के अलावा अमृतसर, तरनतारन, गुरदासपुर पठानकोट आदि जिलों से भी गुजर रहे हैं। इसके अलावा शनिवार को भी जिले के अलग-अलग कस्बों से किसानों की अलग-अलग जत्थेबंदियों द्वारा ट्रैक्टर मार्च का रूप धारण कर दिल्ली की तरफ जाने के लिए तैयार है।

उधर, भारती किसान यूनियन राजोवाल के जिला यूथ प्रधान अमरजोत सिंह ने बताया कि जत्थेबंदी की अगुआई में 70-80 ट्रैक्टर ट्रालियों के काफिले के साथ किसान जमशेर पहुंचेंगे, इसके बाद दिल्ली की तरफ रवाना होंगे। भारती किसान यूनियन राजेवाल के नेता जत्थेदार कश्मीर सिंह ने किसानी संघर्ष में शिरकत न करने वाले किसानी परिवारों को पुरजोर अपील की है कि अपने घरों से निकल ट्रैक्टर ट्रालियों से दिल्ली में 26 जनवरी को निकाले जाने वाले ट्रैक्टर मार्च में हिस्सा लें।

chat bot
आपका साथी