जालंधर में इकहरी पुली में कारोबारियों का प्रदर्शन, किशन लाल बोले- नगर निगम ने लापरवाही की सारी हदें पार की

भाजपा नेता एवं दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच के पंजाब प्रधान किशन लाल शर्मा ने कहा कि नगर निगम लापरवाही की सभी हदें पार कर दी है। करीब 4 महीनों से इकहरी पुली और लक्कड़ मार्केट में सीवरेज का पानी खड़ा है और लोगों के कामकाज ठप हो गए हैं।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Sat, 18 Sep 2021 12:43 PM (IST) Updated:Sat, 18 Sep 2021 03:58 PM (IST)
जालंधर में इकहरी पुली में कारोबारियों का प्रदर्शन, किशन लाल बोले- नगर निगम ने लापरवाही की सारी हदें पार की
इकहरी पुली में नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यापारी।

जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर में इकहरी पुली में कई महीनों से चल रही सीवरेज जाम की समस्या को लेकर इलाके के लोगों का गुस्सा भड़क गया है। लोगों ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू व इलाका पार्षद के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा नेता एवं दीनदयाल उपाध्याय स्मृति मंच के पंजाब प्रधान किशन लाल शर्मा ने इलाके में चल रही समस्या के समाधान के लिए कमान संभाली है। शर्मा ने कहा कि नगर निगम लापरवाही की सभी हदें पार कर दी है। करीब 4 महीनों से इकहरी पुली और लक्कड़ मार्केट में सीवरेज का पानी खड़ा है और लोगों के कामकाज ठप हो गए हैं। लोग बीमार हो रहे हैं, घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है लेकिन निगम पर इसका कोई असर नहीं है।

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर नगर निगम ने इसका हल नहीं किया तो वह मेयर और कमिश्नर ऑफिस के बाहर धरना देने के लिए विवश होंगे। इकहरी पुली की समस्या को लेकर दैनिक जागरण ने लगातार मुहिम चलाई हुई है ताकि लोगों को राहत मिल सके। इस जगह पर कई प्रसिद्ध धार्मिक स्थान है और लोगों की भावनाएं भी आहत हो रही हैं। कोट किशन चंद में नई सड़क का निर्माण न होने से भी लोग परेशान हो रहे हैं।

इकहरी पुली का सीवरेज सूर्य एनक्लेव से कनेक्टेड है। सूर्य एनक्लेव की मेन सीवरेज लाइन धंस चुकी है जिस कारण से पानी की निकासी पूरी नहीं हो रही है। किशनपुरा से भी पानी की निकासी ना होने के कारण सीवर बैक कर रहा है जिससे इकहरी पुलिस में 4 महीने से पानी खड़ा है। बरसात के कारण लक्कड़ मार्केट और कोट किशन चंद की रोड पानी से डूब जाती है। यहां पर अन्नपूर्णा मंदिर, सती वृंदा माता मंदिर, बाबा बालक नाथ मंदिर, ब्रह्मकुंड मंदिर समेत कई धार्मिक स्थान है जहां पर हजारों की गिनती में लोग रोजाना माथा टेकने आते हैं और सीवरेज और समस्या के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

chat bot
आपका साथी