नौकरी जाने की चेतावनी के बावजूद आज रात 12 बजे से बसों का चक्का जाम, कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन शुरू करेगी अनिश्चितकालीन हड़ताल

पंजाब में आज रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन के लिए सरकारी बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा। पंजाब रोडवेज पनबस एवं पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के जालंधर डिपो के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने चक्का जाम को लेकर पुष्टि की है।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 11:23 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 11:23 AM (IST)
नौकरी जाने की चेतावनी के बावजूद आज रात 12 बजे से बसों का चक्का जाम, कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन शुरू करेगी अनिश्चितकालीन हड़ताल
पंजाब में आज रात 12 बजे से बसों का चक्का जाम होगा।

जालंधर [मनुपाल शर्मा]। आपराधिक मामले दर्ज होने एवं नौकरी चले जाने की चेतावनी के बावजूद पंजाब में सोमवार रात 12 बजे से अनिश्चितकालीन के लिए सरकारी बसों का चक्का जाम कर दिया जाएगा। पंजाब रोडवेज, पनबस एवं पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के जालंधर डिपो के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह ने सोमवार रात 12 बजे से सरकारी बसों का चक्का जाम करने की पुष्टि की है। हालांकि पंजाब रोडवेज प्रबंधन की तरफ से इस हड़ताल को गैरकानूनी करार दिया जा चुका है।

चेतावनी नोटिस जारी किए जा चुके हैं कि हड़ताल में हिस्सा लेने वाले कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिमों की सेवाएं भी समाप्त की जा सकती हैं। पंजाब रोडवेज प्रबंधन की तरफ से बीते शुक्रवार को प्रदेशभर के बस स्टैंड दो घंटे बंद करने के लिए कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिमों पर आपराधिक मामले भी दर्ज करवाए जा चुके हैं। डिपो प्रधान गुरप्रीत सिंह ने कहा कि अपराधिक मामले तो दर्ज हुए हैं, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिम सरकार के आश्वासन के मुताबिक कॉन्ट्रैक्ट की बजाए रेगुलर सेवाएं चाहते हैं।

यूनियन की तरफ से लिए गए फैसले के मुताबिक अंतर राज्य रूटों पर गई बसों को हर हाल में मंगलवार अलसुबह तक वापस डिपो में ले आया जाएगा। हालांकि सोमवार रात 12 बजे के बाद पंजाब की कोई भी सरकारी बस गंतव्य के लिए रवाना नहीं होगी। यूनियन की तरफ से कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिमों को रेगुलर करने के अलावा प्रदेश में सरकारी बसों की संख्या बढ़ाकर 10,000 करने, समान काम समान वेतन का सिद्धांत लागू करने और मामूली केसों में फारिग किए जा चुके मुलाजिमों को दोबारा बहाल करने की मांग की जा रही है।

chat bot
आपका साथी