BJP Insaaf Yatra Punjab: पुलिस ने रोकी यात्रा, अश्विनी शर्मा व सांपला को हिरासत में लेकर छोड़ा

जालंधर में भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के नेतृत्व में दलित इंसाफ यात्रा शुरू की है। पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के मुद्दे को लेकर भाजपा कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्म सोत को बर्खास्त करने की मांग कर रही है।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 12:49 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 05:15 PM (IST)
BJP Insaaf Yatra Punjab: पुलिस ने रोकी यात्रा, अश्विनी शर्मा व सांपला को हिरासत में लेकर छोड़ा
जालंधर में भाजपा एससी मोर्चा ने दलित इंसाफ यात्रा शुरू की है। (जागरण)

जालंधर, जेएनएन। पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप घोटाले और जलालाबाद में दलित युवक पर अत्याचार के मामले में भाजपा एससी मोर्चा की ओर निकाली जा रही दलित इंसाफ यात्रा को जालंधर पुलिस ने रोक दिया है। पुलिस ने पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री विजय सांपला को हिरासत में ले लिया। बाद में बसों में बिठाकर उन्हें सर्किट हाउस में लाकर छोड़ दिया। यहां उन्होंने करीब पौना घंटा धरना दिया। इसके बाद पंजाब अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया। भाजपा पंजाब अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब सरकार भाजपा एससी मोर्चा से डर गई है। इसलिए उसने इंसाफ यात्रा को आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद सभी भाजपा कार्यकर्ता सर्किट हाउस से रवाना हो चुके हैं।

जालंधर में भाजपा एससी मोर्चा की इंसाफ यात्रा रोके जाने और हिरासत में लेकर छोड़े जाने के बाद पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा कार्यकर्ताओं समेत सर्किट हाउस में धरने पर बैठ गए। बाद में प्रेस कांफ्रेंस की।

इससे पहले, जालंधर के सूर्या एन्क्लेव से शुरू हुई है यात्रा चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कोठी के घेराव के साथ समाप्त होगी। महानगर में यात्रा को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने यात्रा को रवाना किया। इसमें केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, पंजाब भाजपा एससी मोर्चा के प्रधान राजकुमार अटवाल, पंजाब भाजपा के प्रवक्ता मोहिंदर भगत, उप प्रधान राजेश बाघा शामिल हुए हैं।

भाजपा का दावा है कि इंसाफ यात्रा में 1000 गाड़ियों का काफिला होगा। पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप के मुद्दे को लेकर भाजपा कैबिनेट मंत्री साधु सिंह धर्म सोत को बर्खास्त करने की मांग कर रही है। पार्टी का दावा है कि मांग स्कालरशिप की राशि में 64 करोड़ रुपये की गड़बड़ी हुई है।

जालंधर में वीरवार को दलित इंसाफ यात्रा में शामिल भीड़ और मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स।

वहीं, जलालाबाद में अनुसूचित वर्ग के युवक पर अत्याचार के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी मांगी जा रही है। यात्रा के दौरान संबोधित करते हुए पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में इस समय जंगलराज कायम है। अनुसूचित जाति वर्ग और गरीबों पर अत्याचार किए जा रहे हैं।

अश्वनी शर्मा पर होशियारपुर में हुआ था हमला

बता दें कि पिछले दिनों पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की कार पर होशियारपुर में किसानों ने हमला कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार में तोड़फोड़ की थी। हमले में शर्मा बाल-बाल बचे थे। गत दिवस जालंधर के सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस करने पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला का भी किसानों ने घेराव कर दिया था।

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

--------

नवांशहर में भाजपाइयों से भिड़े कामरेड

वहीं नवांशहर में इंसाफ रैली का इंतजार कर रहे भाजपा नेता व कामरेड नेता आमने-सामने आ गए। नारेबाजी करते हुए दोनों धक्का-मुक्की करने लगे। पुलिस को बेहद मुश्किल से दोनों को रोकना पड़ा। दोनों एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

भाजपा के कार्यकर्ता सुबह से ही प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा की रैली का इंतजार कर रहे थे तो कामरेड भी अपना विरोध प्रदर्शन करने के लिए सुबह से आंबेडकर चौक में डटे हुए थे। दोपहर सवा दो बजे दोनों में गर्मा गर्मी बढ़ गई। बात हाथापाई पर आ गई तो पुलिस ने दोनों को रोका। इस दौरान भाजपा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

chat bot
आपका साथी