पति ने साइप्रस जाकर कर ली दूसरी शादी, बरनाला में पत्नी और बच्चा इंसाफ के लिए खा रहे धक्के

वर्ष 2016 में पति संदीप मायका परिवार से 6 लाख रुपये लेकर साइप्रस चला गया। वर्ष 2018 तक उसके साथ मोबाइल पर बातचीत होती रही। वह बेटे अरनव के साथ ससुराल घर गांव भाईरूपा में रहती रही। 2018 के बाद पति ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 04:58 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 04:58 PM (IST)
पति ने साइप्रस जाकर कर ली दूसरी शादी, बरनाला में पत्नी और बच्चा इंसाफ के लिए खा रहे धक्के
भदौड़ निवासी सरबजीत कौर अपने आठ वर्षीय बेटे अर्नव के साथ।

हेमंत राजू, बरनाला। पंजाब के युवाओं के सिर पर विदेश जाने का जुनून सिर चढ़ कर बोल रहा है। इसी के फेर में सैकड़ों युवा फर्जी या झूठे विवाह करके कनाडा व अन्य देशों को जा रहे हैं। ताजा मामले में कस्बा भदौड़ की सरबजीत कौर अपने 8 वर्षीय बेटे अर्नव के साथ इंसाफ के लिए अफसरों के आगे चक्कर काट रही है। साइप्रस गए उसके पति संदीप सिंह ने वहां दूसरी शादी कर ली है। सरबजीत कौर ने अब किसान संगठनों का सहयोग लेकर पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्शन मनीषा गुलाटी के समक्ष गुहार लगाई है।

सरबजीत कौर ने दुखी मन से बताया कि उसका विवाह वर्ष 2008 में संदीप सिंह निवासी भाईरूपा (जिला बठिंडा) के साथ हुआ था। शादी के बाद आईलेट्स करके वह पति के साथ स्पाउस वीजा इंग्लैंड गई थी। वर्ष 2012 में बेटे अरनव का जन्म हुआ। इंग्लैंड में पीआर नही मिलने पर वे तीनों भारत लौट आए। वर्ष 2016 में पति संदीप मायका परिवार से 6 लाख रुपये लेकर साइप्रस चला गया। वर्ष 2018 तक उसके साथ मोबाइल पर बातचीत होती रही। वह बेटे अरनव के साथ ससुराल घर गांव भाईरूपा में रहती रही। 2018 के बाद पति ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया।

फिर, उसने एक आईफोन गिफ्ट में भेजा, उसमें उसके पति की एतराज योग्य हालत में एक अन्य लड़की के साथ फोटो सामने आई। इससे संदीप की सारी सच्चाई सामने आ गई। इसके बाद ससुराल घर वालों ने भी उसे तंग करना शुरू कर दिया। उनसे तंग आकर वह अब अपने मां बाप के घर आ गई है। तब से लेकर अब तक वह जिले के विभिन्न अफसरों के पास इंसाफ लेने के लिए धक्के खा रही है लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब उसने किसान संगठनों के सहयोग से एसएसपी बरनाला, महिला कमीशन सहित अन्य कई पुलिस अधिकारियों को शिकायत दी है। अभी उसे इंसाफ नहीं मिला। सरबजीत ने कहा कि उसे पंजाब महिला कमिशन चेयरपर्सन मनीषा गुलाटी से इंसाफ की उम्मीद है। वह जल्द उन्हें मिलने जा रही है।

सरबजीत के परिवार के हक में भाकियू एकता डकौंदा भी उतरी

भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा के नेता जगदेव सिंह ने कहा कि सरबजीत के परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए यूनियन उनके साथ खड़ी है। रविवार को यूनियन थाना भदौड़ की पुलिस को मिले हैं, जिन्होंने कार्रवाई का भरोसा दिया है। यदि इंसाफ नही मिला तो वे बड़े स्तर पर इंसाफ शुरु करेंगे।

पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया

पुलिस थाना भदौड़ के जांच अधिकारी कुलवंत सिंह ने कहा कि उन्हें शिकायत मिल गई है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है जांच उपरांत आरोपित पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी