जालंधर में एएसआइ ने पड़ोसी बैंक कर्मी को मारा धक्का, गिरने से मौत; परिजनों ने लगाया धरना

गढ़ा के पास गुरु दीवान नगर में रहने वाले बैंक कर्मी अश्विनी कुमार को पड़ोस में रहने वाले थाना छह के एएसआइ रूप लाल ने मामूली विवाद के बाद धक्का मार दिया। नीचे गिरे अश्विनी कुमार के सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

By Vipin KumarEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 06:54 PM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 09:41 AM (IST)
जालंधर में एएसआइ ने पड़ोसी बैंक कर्मी को मारा धक्का, गिरने से मौत; परिजनों ने लगाया धरना
एएसआइ पर मामला दर्ज करने को लेकर बैंक कर्मी के स्वजनाें ने दिया धरना। (जागरण)

संवाद सहयोगी, जालंधर। गढ़ा के पास गुरु दीवान नगर में रहने वाले बैंक कर्मी अश्विनी कुमार को पड़ोस में रहने वाले थाना छह के एएसआइ रूप लाल ने मामूली विवाद के बाद धक्का मार दिया। नीचे गिरे अश्विनी कुमार के सिर पर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान रूप लाल ने अश्विनी कुमार की लॉ पढ़ रही बेटी दमनीत को बंधक बनाया और धमकाया। रविवार को उसकी बेटी और बाकी परिजनों गढ़ा रोड पर धरना लगा कर एएसआइ के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की। थाना सात की पुलिस ने दमनीत के बयानों पर एएसआइ रूप लाल के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया। एएसआई घटना के बाद से घर से फरार हो गया।

पुलिस को दिए बयान में दमनीत ने बताया कि उसके पिता अश्विनी कुमार पक्का बाग को-आपरेटिव सोसाइटी के सचिव हैं। थाना डिवीजन छह में तैनात एएसआई रूप लाल उसी के मोहल्ले में रहता है। उनकी गली में किसी की मौत हुई थी तो उनके घर पर कोई मिलने के लिए आया जो पड़ोसियों के घर पर अफसोस करने के लिए गया। पास ही एक रेहड़ी भी खड़ी थी। एएसआई बीती रात को अपनी कार में आया और वाहन साइड पर करने के लिए कहा। जब उसके पिता ने कहा कि कोई अफसोस करने के लिए आया है और वाहन खड़ा कर के गया है। आरोप था कि एएसआई चिल्लाने लगा और वर्दी का रौब दिखा कर उनको धमकाने लगा।

इसके बाद उसके पिता घर के अंदर आ गए तो रूप लाल भी पीछे पीछे आया। उसने आते ही उनके पिता को धक्का दिया तो वह नीचे गिर गए और सिर पर चोट लगने से बेहोश हो गए। दमनीत ने बताया कि एएसआई ने उनको धमकाया कि यदि किसी को शिकायत दी या कुछ बताया तो वह उनको जान से मार देगा और घर को आग लगा देगा। एएसआइ के जाने पर वह अश्विनी कुमार को डाक्टर के पास लेकर गए जहां पर उसकी मौत हो गई। सुबह परिजनों ने पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया।

----

परिजनों ने लगाया सड़क पर धरना, एएसआइ पर मामला दर्ज करने की मांग

रविवार दोपहर को मृतक अश्विनी कुमार के परिजनों ने सड़क पर धरना लगा दिया। धरने पर बैठे लोगों ने पंजाब पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मृतक की बेटी दमनीत ने बताया कि एएसआई रूप लाल मोहल्ले के लोगों को अक्सर धमकाता रहता था। बीती रात भी उसके पिता को घर के बाहर वाहन खड़ा होने पर विवाद किया और उसके पिता को धक्का मार कर गिरा दिया।

परिजनों का आरोप था अश्विनी के बेहोश होने के बाद वह उनको धमकी देकर गया कि जो करना है कर लो। उनका कहना था कि रूप लाल सारे मोहल्ले को धमकाता रहता था। धरने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को थाने में लेकर गए जहां पर उनके बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया।

chat bot
आपका साथी