गुरदासपुर के ओंकार नगर में व्यापारी पर लुटेरों का हमला, टांग में गोली मार भागे

कारोबारी शशिपाल को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनके अनुसार उन पर सात गोलियां चलाई गईं। किस्मत से वह बच गए।

By Pankaj DwivediEdited By: Publish:Sat, 22 Feb 2020 01:15 PM (IST) Updated:Sat, 22 Feb 2020 05:14 PM (IST)
गुरदासपुर के ओंकार नगर में व्यापारी पर लुटेरों का हमला, टांग में गोली मार भागे
गुरदासपुर के ओंकार नगर में व्यापारी पर लुटेरों का हमला, टांग में गोली मार भागे

गुरदासपुर, जेएनएन। थाना सिटी के मोहल्ला ओंकार नगर की सिनेमा वाली गली में शुक्रवार देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने लूट की नीयत से दुकानदार शशि पाल पर गोलियां चला दी। एक गोली दुकानदार की टांग पर लगी है। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दूसरी ओर हमलवार घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। फिलहाल, थाना सिटी पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।

शशि पाल पुत्र सांझी राम ने बताया कि वह कंफेक्श्नरी का होलसेल का काम करते हैं। शुक्रवार की रात वह अपनी दुकान बंद करके घर जा रहे थे। जैसे ही वह स्कूटी पर अपने घर के बाहर पहुंचे, पीछे से मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात लूटेरों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं और उनसे पैसे लूटने की कोशिश की। उन्होंने शोर मचाया तो आसपास के लोग एकत्र हो गए। इससे लुटेरे भयभीत हो गए और गोलियां चलाते हुए मौके से भाग निकले। हमलावरों की ओर से चलाई गई एक गोली उनकी दाईं टांग पर लगी। घरवालों ने गंभीर हालत में उन्हें सिविल अस्पताल गुरदासपुर में भर्ती करवाया।

मामले की सूचना मिलते ही डीएसपी सुखपाल सिंह और थाना सिटी के एसएचओ कुलवंत सिंह पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। एसएचओ ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जिस गली में घटना को अंजाम दिया गया है, उसमें लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों को जल्द से जल्द काबू किया जा सके। उन्होंने दावा कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 

गुरदासपुर के ओंकार नगर में व्यापारी शशिपाल को गोली मारने वाले हमलावर सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस उनकी पहचान स्थापित करने का प्रयास कर रही है।

परिवार की सूझबूझ से बची लूट

घटना के दौरान जैसे ही शशिपाल के घरवालों ने गोलियां चलने की आवाज सुनी तो वे छत पर चढ़ गए और गली में घूम रहे लूटेरों पर कुर्सियां फेंकने लगे। इससे घबराकर हमलावर भाग निकले।

गली में दूसरी बड़ी वारदात

इसी गली में कुछ माह पहले लुटेरों ने एक महिला को घायल करके उसकी बालियां लूट ली गई थी। तब महिला और लुटेरों के बीच खींचतान हो जाने के कारण महिला गंभीर रुप से घायल हो गई थी। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की नींद नहीं खुली। अब यह दूसरी बड़ी घटना सामने आई है।

पुलिस और पीड़त के बयान अलग-अलग

घटना के बाद पीड़ित और पुलिस के बयान आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। एक तरफ जहां पीड़ित का दावा है कि हमलावरों ने उस पर सात फायर किए, वहीं पुलिस का दावा है कि हमलावरों ने तीन फायर किए हैं। हालांकि सडक़ पर तीन गोलियों के निशान मिले हैं जबकि चौथी गोली दुकानदार को लगी है।

अब गलियों में भी घुसने लगे लुटेरे

क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले तीन माह के दौरान एक बाद एक तीन घटनाएं हो चुकी हैं। पहले पंडोरी रोड पर एक व्यापारी से पिस्तौल के बल लूट का प्रयास किया गया। फिर, गांव कोठे घराले में पिस्तौल दिखाकर गाड़ी छीनी गई। इसके बाद बहरामपुर रोड पर गुरुद्वारा साहिब से लौट रही एक महिला को बुरी तरह से घायल करके बालियां लूट ली गई थीं। स्पष्ट है कि लुटेरों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि उन्होंने गलियों में लूटपाट शुरू कर दी है।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 

chat bot
आपका साथी