पुलिसकर्मी पर हमले के आरोपितों का जालंधर पुलिस पर संगीन आरोप, बोले- हमें बुरी तरह पीटा, थर्ड डिग्री टार्चर किया

जालंधर के बस स्टैंड के पास शशि शर्मा के दफ्तर के बाहर खड़े पुलिसकर्मी पर हमला करने वाले आरोपितों ने सोमवार को पुलिस पर थर्ड डिग्री का आरोप लगाया है। आरोपितों ने कहा कि पुलिस ने उनकी निर्ममता से पिटाई की है।

By Rohit KumarEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 03:22 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 05:14 PM (IST)
पुलिसकर्मी पर हमले के आरोपितों का जालंधर पुलिस पर संगीन आरोप, बोले- हमें बुरी तरह पीटा, थर्ड डिग्री टार्चर किया
उक्त आरोपितों को जालंधर के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया है।

जालंधर, जेएनएन। बस स्टैंड के पास सोशल एक्टिविस्ट शशि शर्मा के दफ्तर के बाहर पुलिसकर्मी पर हमला करने के आरोपितों ने बड़ा दावा किया है। जालंधर के थाना छह की पुलिस पर निर्ममता से पिटाई करने और थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया है।

दरअसल, पुलिस ने थाना बारादरी में तैनात हेड कांस्टेबल सुखप्रीत सिंह पर जानलेवा हमला करने के मामले में  गांव हमीरपुर, जम्मू निवासी दीपक कुमार उर्फ जम्मू, मथुरा नगर निवासी गोपाल उर्फ गोबिंद शर्मा, मुकेरियां निवासी अश्विनी कुमार उर्फ काला, लेबर कालोनी, लुधियाना निवासी चेतन कुमार उर्फ दीपू, पक्का बाग निवासी दीपक शर्मा उर्फ दाना और डुगरी मोहल्ला निवासी विशाल कुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपितों ने अब थाना छह की पुलिस पर थर्ड डिग्री देने का आरोप लगाया है। सोमवार को उनका रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने अदालत में पेश करने से पहले उनका मेडिकल करवाया।

सिविल अस्पताल में पहुंचे युवकों का कहना था कि पुलिस ने उन पर झूठा मामला दर्ज किया है। उनके साथ थाने में  निर्ममता से मारपीट गई गई, थर्ड डिग्री टॉर्चर दिया गया। यहां तक कि मुंह पर थूका गया। युवकों का कहना था कि उनका इस केस से कोई लेना-देना नहीं है। वह तो बस में सवारियां भर रहे थे, इतने में कुछ युवकों ने उनके साथ मारपीट की और खुद को पुलिसकर्मी बताया। बाद में पुलिस उन्हीं को उठाकर ले गई और उल्टा उन पर मामला दर्ज कर दिया। उन्होंने पुलिस के आलाअधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

बता दें कि पिछले दिनों हेड कांस्टेबल सुखप्रीत सिंह पर बस स्टैंड के पास कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। घायल सुखप्रीत ने बयान दिया था कि हमलावरों ने हमला करने से पहले धमकाया था। थाना प्रभारी सुरजीत सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को उनको सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास सुखप्रीत सिंह और उसके साथियों पर कुछ लोगों ने हमला किया है। वह सर्वोदया अस्पताल में दाखिल है। मौके पर पहुंच कर उसके बयान लिए तो उसने बताया कि वह बस स्टैंड के पास ड्यूटी पर था। वहां संगम होटल के सामने एक बस खड़ी थी। बस के बाहर मौजूद कुछ लड़के बस में सवारियां बिठा रहे थे। पूछने पर लड़कों ने धमकाया और हमला कर दिया।

पुलिस ने दीपक कुमार उर्फ जम्मू और गोपाल उर्फ गोबिंद शर्मा को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। बाकी आरोपितों मुकेरियां निवासी अश्विनी कुमार उर्फ काला, लेबर कालोनी, लुधियाना निवासी चेतन कुमार उर्फ दीपू, पक्का बाग निवासी दीपक शर्मा उर्फ दाना और डुगरी मोहल्ला निवासी विशाल कुमार को शनिवार बाद दोपहर रैणक बाजार एसी मार्केट से गिरफ्तार कर लिया गया था।

किसी के साथ मारपीट नहीं की गईः एसीपी

एसीपी हरिंदर सिंह ने आरोपितों के थर्ड डिग्री देने के आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना था कि किसी को भी नहीं पीटा गया। पुलिसकर्मी पर हमले के मामले की जांच की जा रही है।

chat bot
आपका साथी