जालंधर में खाकी पर भारी पड़ रहा वीडियो का खेल, आरोपितों के परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

माडल हाउस के माता रानी चौक पर शनिवार देर रात सड़क पर खड़े नेवी अफसर उद्योगपति और उनके साथियों व पुलिस के बीच हुई झड़प का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले पर वीडियो का खेल खाकी पर भारी पड़ने लगा है।

By Rohit KumarEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 09:36 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 09:36 AM (IST)
जालंधर में खाकी पर भारी पड़ रहा वीडियो का खेल, आरोपितों के परिवार ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
जालंधर में वीडियो का खेल खाकी पर भारी पड़ने लगा है।

जालंधर, सुक्रांत। माडल हाउस के माता रानी चौक पर शनिवार देर रात सड़क पर खड़े नेवी अफसर, उद्योगपति और उनके साथियों व पुलिस के बीच हुई झड़प का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। खाकी पर इस मामले पर अपनी बात को सही रखने के लिए खेला जा रहा वीडियो का खेल भारी पड़ने लगा है। एक तरफ जहां पुलिस इंटरनेट मीडिया के जरिए आरोपितों की गलती दिखाने की वीडियो जारी कर रही हैं, वहीं नामजद आरोपितों के परिवारों ने भी वीडियो जारी कर अपने परिजनों को सही साबित करते हुए पुलिस पर धक्केशाही का आरोप लगाया।

मंगलवार को प्रेसवार्ता कर माडल हाउस निवासी मंजीत कौर पत्नी जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने धक्केशाही की है। उनके पति जसपाल सिंह बीमार थे। उनके बेटे कमलजीत सिंह के दोस्त मनप्रीत सिंह उनके पति का हालचाल पता करने आए थे। रात करीब ढाई बजे वो वापस जा रहे थे तो वहां थाना प्रभारी भगवंत सिंह भुल्लर अपने पुलिस कर्मियों के साथ आया और आते ही गाली गलौज करने लगा। जब उन्होंने विरोध किया तो थाना प्रभारी भुल्लर और उनके पुलिस कर्मियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद उनको जबरदस्ती अपने साथ ले गए और चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर दो को गिरफ्तार कर लिया।

आरोप था कि पुलिस कर्मी उनसे इसलिए रंजिश निकाल रहे हैं कि उनके परिजनों ने थाना भार्गव कैंप के भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ आवाज उठाई थी। इस दौरान उन्होंने एक वीडियो फुटेज भी दिखाई जिसमें थाना प्रभारी भुल्लर और उनके कर्मी उनके परिवार वालों को बुरी तरह से पीट रहे हैं और थाना प्रभारी पिस्तौल निकालकर लहराते हुए दिख रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने एक वीडियो और भी जारी की जिसमें मंजीत कौर के घर पर चोरी हुई और आरोप था कि चाबी पुलिस वालों के पास थी। चोरी करवाने का शक भी पुलिस वालों पर ही जताया गया। मंजीत कौर ने कहा कि उनके बच्चों और उसके साथियों को साजिशन फंसाया जा रहा है और उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

यह है मामला : फरार आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

शनिवार देर रात को थाना भार्गव कैंप के प्रभारी भगवंत सिंह भुल्लर पर बीती रात हमला हो गया था। खुद को मर्चेंट नेवी अफसर बताने वाले युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर थाना प्रभारी पर लात घूंसे बरसाए। इस दौरान थाना प्रभारी बुरी तरह से घायल हो गए और उनकी नाक और मुंह से खून बहने लगा। उनकी वर्दी भी फट गई। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था। मामले में मंगलवार को भी छापेमारी की लेकिन बाकी आरोपित पकड़े नहीं जा सके।

chat bot
आपका साथी