स्वतंत्रता दिवस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद पंजाब के 2500 गांवों में फहराएगा तिरंगा
एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री अरमानजोत बरार ने कहा कि देश की स्वतंत्रता का 75वां वर्ष आरंभ होने जा रहा है। हमने तय किया है कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता आम जनमानस को साथ लेते हुए 15 अगस्त को पंजाब के प्रत्येक गांव में तिरंगा झंडा फहराएंगे।
जासं, जालंधर। देश की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् (एबीवीपी) इसे जन-जन का पर्व बनाते हुए पूरे पंजाब के 2500 गांवों में तिरंगा फहराएगी। एबीवीपी के प्रदेश सह मंत्री अरमानजोत बरार ने कहा कि देश की स्वतंत्रता का 75वां वर्ष आरंभ होने जा रहा है। हमने तय किया है कि विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता आम जनमानस को साथ लेते हुए 15 अगस्त को पंजाब के प्रत्येक गांव में तिरंगा झंडा फहराएंगे।
इस अभियान के लिए विद्यार्थी परिषद् ने प्रांत स्तर पर टीम का गठन किया है, जिसके प्रदेश संयोजक अरमानजोत बरार रहेंगे। प्रदेश सह-संयोजक की जिम्मेदारी राजकरण सिंह गिल, मनमीत सोहल, योगेश शर्मा, जसकरण भुल्लर, बारीश बहल, पारस अग्रवाल, मनीष चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है। बरार ने कहा कि देश को गुलामी की जंजीरों से मुक्त कराने के लिए असंख्य वीरों ने स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष किया, अपने प्राणों की आहुति तक दे दी। आजादी का 75वां वर्ष देश के लिए ऐतिहासिक पर्व है। स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई में अलग-अलग आंदोलनों, बलिदानों तथा घटनाओं की अपनी-अपनी अहमियत और प्रेरणा है, जिन्हें याद करते हुए ही हमें आगे बढ़ना चाहिए।
आजादी के बाद कुछ इतिहासकारों ने देश की स्वतंत्रता के इतिहास को गलत तरीके से प्रस्तुत किया। कुछ लोगों के ही संघर्ष को ही दर्शाया गया। वास्तव में स्वतंत्रता संग्राम में असंख्य वीरों ने बलिदान दिया है। इसका जिक्र हमें इतिहास में कहीं दिखाई नहीं पड़ता है। स्वतंत्रता के आंदोलन में पंजाब का भी विशेष योगदान रहा है। पंजाब में भी अनेकों वीर स्वाधीनता आंदोलन के यज्ञ में कूदे थे। शहीद मदन लाल ढींगरा, स. करतार सिंह सरभा, बाबा सोहन सिंह भकना, लाला हरदियाल, लाला लाजपत राय, स. भगत सिंह, सुखदेव थापर, भाई परमानन्द, शहीद ऊधम सिंह पंजाब की शान हैं। विडंबना है कि ऐसे महान पुरुषों की गाथाएं इतिहासकारों ने सही ढंग से प्रस्तुत नहीं की। हम सभी का यह दायित्व बनता है कि हम अपने राष्ट्र के गौरवशाली इतिहास, स्वाभिमान और बलिदान की परंपराओं से अपनी नई पीढ़ी को अवगत करवाएं।
इसी सोच को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने 15 अगस्त को पंजाब के 2500 गांवों में तिरंगा फहराने का जिम्मा उठाया है। इस कार्यक्रम के तहत प्रत्येक गांव के स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर कार्यकर्ता एक सार्वजनिक स्थान पर तिरंगा फहराएंगे। इसका समय प्रात: 10:00 बजे निर्धारित किया गया है। इस कार्यक्रम में प्रत्येक गांव के पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के परिवार तथा प्रत्येक आम नागरिक को आमंत्रित किया जाएगा।