जालंधर में अवैध शराब फैक्ट्री मामले में 4 आरोपित गिरफ्तार, एक्साइज कर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने का है आरोप

भाजपा नेता शीतल अंगुराल के बड़े भाई राजन अंगुराल की फैक्ट्री में छापामारी करने गए एक्साइज कर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने और सरकारी काम में बाधा डालने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है ।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 12:40 PM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 12:40 PM (IST)
जालंधर में अवैध शराब फैक्ट्री मामले में 4 आरोपित गिरफ्तार, एक्साइज कर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने का है आरोप
आदमपुर पुलिस ने आरोपितों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।

संवाद सहयोगी, जालंधर। भाजपा नेता शीतल अंगुराल के बड़े भाई राजन अंगुराल की फैक्ट्री में छापामारी करने गए एक्साइज कर्मियों के साथ धक्कामुक्की करने और सरकारी काम में बाधा डालने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान रोपड़ निवासी जसबीर सिंह उर्फ बिल्ला, सोनीपत निवासी सचिन, मोहाली निवासी राजकुमार उर्फ राजू और जालंधर के बस्ती दानिशमंदा निवासी निखिल के रूप में हुई है। पुलिस ने चारों को शीतल अंगुराल, राजन अंगुराल और सन्नी अंगुराल को नामजद करने के बाद इस मामले में नामजद किया था। चारों को थाना आदमपुर पुलिस ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।

बीते दिनों जालंधर में एक्साइज विभाग चंडीगढ़ व लोकल टीम ने रायपुर से धोगड़ी रोड स्थित भाजपा नेता राजन अंगुराल की फैक्ट्री पर दबिश दी थी। फैक्ट्री में शराब तैयार करने संबंधी मशीनें लगी होने का दावा किया गया था।

थाना आदमपुर के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि अंगुराल बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उनको भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर, थाना डिवीजन नंबर एक की पुलिस ने सूरज के साथ-साथ अंगुराल बंधुओं को भी नामजद किया था। पुलिस ने अंगुराल बंधुओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की, लेकिन कोई भी आरोपित पुलिस के हाथ नहीं लगा। थाना डिवीजन नंबर एक के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि सूरज की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि उसके घर में शराब की बोतलों के ढक्कन क्यों पड़े हुए थे। वहीं थाना आदमपुर के प्रभारी हरजिंदर सिंह ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ धारा 307 इसलिए लगाई गई है कि उनकी बनाई शराब से कई लोगों की मौत हो सकती थी।

chat bot
आपका साथी