पंजाब पुलिस ने पेश की मिसाल, बिहार की बच्ची से दुष्कर्म व हत्या मामले में महज नौ दिन में चालान पेश

पंजाब पुलिस ने टांडा में बिहार की बच्ची से दुष्कर्म व हत्या मामले में महज नौ दिन में चालान पेश कर दिया है। बच्चे सेे 21 तारीख को दुष्कर्म किया गया था। पुलिस ने स्पेशल कोर्ट को नौ पेज का चालान सौंपा।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 09:51 AM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 09:51 AM (IST)
पंजाब पुलिस ने पेश की मिसाल, बिहार की बच्ची से दुष्कर्म व हत्या मामले में महज नौ दिन में चालान पेश
बच्ची से दुष्कर्म मामले में नौ दिन में चालान पेश। सांकेतिक फोटो

जेएनएन, होशियारपुर।: टांडा के नजदीकी गांव में छह साल की मासूम से दुष्कर्म, हत्या व शव जलाने के मामले में होशियारपुर पुलिस ने आरोपित सुरजीत सिंह व उसके पोते सुरप्रीत सिंह के खिलाफ चालान पेश कर दिया है। 21 अक्टूबर की शाम को हुई घटना के बाद महज नौ दिन में आरोपितों की गिरफ्तारी व चालान पेश कर पुलिस ने एक मिसाल कायम की है।

गत दिवस दोपहर बाद एडीशनल सेशन जज नीलम अरोड़ा की स्पेशल कोर्ट में नौ पेज की चार्जशीट दाखिल की गई। कोर्ट ने उसे मंजूर करते हुए अगली सुनवाई 11 नवंबर मुकर्रर की। कोर्ट अब चालान को जिला अथारिटी से चेक करवाएगा। अगर कहीं कोई कमी होगी तो उसे पुलिस से दुरुस्त करने के लिए कहा जाएगा। इससे पहले डीएसपी दलजीत सिंह खख के नेतृत्व में डीएसपी अगेंस्ट क्राइम आइओ माधवी शर्मा चालान लेकर अदालत पहुंचीं थी। इस दौरान दोनों आरोपितों को होशियारपुर नहीं लाया गया। गुरदासपुर जेल से वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान उनकी पेशी हुई।

इन तथ्यों पर पुलिस का रहा फोकस

पुलिस ने नौ पेज के चालान में वह तमाम तथ्य शामिल किए जो आरोपितों को सजा दिलाने में सहायक होंगे। बच्ची को साथ ले जाने की सीसीटीवी फुटेज, कपड़े, केरोसिन की कैनी का जिक्र चालान में किया गया।

पंजाब का ऐसा पहला मामला, जब नौ दिन में पेश हुआ चालान

संभवतया यह पंजाब का ऐसा पहला मामला है जब बच्ची से दुष्कर्म व हत्या मामले में पुलिस ने नौ दिन के भीतर चालान पेश किया हो। दैनिक जागरण ने चालान पेश करने की जानकारी पहले ही दे दी थी। यही नहीं घटना के बाद रात 11.30 बजे ही दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, हत्या, शव को खुर्द करने समेत तमाम धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया था। माना जा रहा है कि पुलिस केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलवाकर जल्द से जल्द सजा दिलाने के प्रयास में है।

परिवार ने कहा-आरोपितों को मिले फांसी, तब मिलेगा सुकून

अनुसूचित जाति से संबंध रखने वाला बच्ची का परिवार मूलरूप से बिहार के भागलपुर के थाना थाना खरीक बाजार के अधीन आते एक गांव का रहने वाला है। करीब बीस साल पहले यह परिवार यहां (टांडा के एक गांव) आकर बस गया था। मासूम बच्ची का परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट है। पिता ने बताया कि उनके दिल को तभी सुकून मिलेगा जब दोनों दरिंदों को फांसी की सजा मिलेगी। अदालत जल्द से जल्द इन्हें फांसी की सजा सुनाए।

पंजाब सरकार ने नियुक्त किया विशेष वकील

पंजाब सरकार ने टांडा में छह साल की मासूम से दुष्कर्म, हत्या व शव जलाने के मामले में एक विशेष वकील की नियुक्ति भी की है ताकि कोर्ट की कार्यवाही में तेजी लाई जा सके। साथ ही केस को फास्ट ट्रैक किए जाने की मांग भी की। डीजीपी दिनकर गुप्ता ने बताया कि जांच पड़ताल में बेहद सर्तकता बरती गई और उसका परिणाम भी मिला।

उधर, पंजाब सरकार ने कहा कि भाजपा ने हाथरस मामले के साथ इस केस की तुलना कर इसे सियासी रंगत देने की कोशिश की लेकिन मामले का गंभीर नोटिस लेते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने पंजाब पुलिस को दस दिन के भीतर चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल करने के आदेश दिए थे, जिस पर पुलिस ने अमल कर मिसाल कायम की।

chat bot
आपका साथी