अधूरी वोटर सूची पर निकाय चुनाव करवाने जा रही है सरकार : भाजपा
जिला भाजपा की तरफ से पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा पूर्व मेयर शिव सूद विजय पठानिया विनोद परमार ने बैठक की।
संवाद सहयोगी, होशियारपुर : जिला भाजपा की तरफ से पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा, पूर्व मेयर शिव सूद, विजय पठानिया, विनोद परमार ने बैठक की। इसमें सतीश बावा, अशोक शोकी, संजू अरोड़ा, रमेश ठाकुर ने कहा कि कैप्टन सरकार नगर निगम व नगर परिषदों के चुनाव अफरा-तफरी के माहौल में करवाना चाहती है। एक तरफ कानून व्यवस्था सरकार के काबू से बाहर है। भाजपा नेताओं व उम्मीदवारों को निशाना बनाकर डर का माहौल पैदा किया जा रहा है। उनकी गतिविधियों में विघ्न डाला जा रहा है। दूसरी तरफ, वार्डबंदी में बड़े पैमाने पर धांधलियां की गई हैं, लेकिन अब वोटर सूची के प्रकाशन व जारी करने में भी बड़ी गड़बड़ी सामने आ रही है।
स्थानीय निकाय चुनाव में जो वोटर सूचियां दी गई हैं उनमें वोटर योग्यता की तारीख एक जनवरी 2021 को लिखी है। लेकिन, जो वोटर सूचियां राज्य चुनाव आयोग की मंजूरी से जारी की गई है। इसमें केवल एक जनवरी 2020 तक के योग्य वोटरों को शामिल किया है। इससे पिछले एक साल में बने नए वोटरों में असमंजस की स्थिति बन गई है। सरकार के इस रवैये से युवा वर्ग में काफी निराशा दिख रही है। भाजपा नेताओं ने राज्य चुनाव आयोग से मांग कि है कि तुरंत ही पिछले एक साल में बने नए वोटरों को निकाय वोटर सूची शामिल किया जाए ताकि वह मताधिकार का सदुपयोग कर सकें।
इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा की बैठक भाजपा कार्यालय शास्त्री मार्केट में अध्यक्ष राजा सैनी की अगुआई में हुई। बैठक को संबोधित करते हुए राजा सैनी ने सभी मेंबरों व पदाधिकारियों को कहा कि 14 फरवरी को हो रहे नगर निगम चुनाव में युवाओं की अहम भूमिका होगी। चुनाव शांतिपूर्वक व सही ढंग से हो इसके लिए भी ड्यूटियां लगाई जा रही हैं। पहले कुदरती आपदा कोरोना और अब किसानी आंदोलन से जूझ रहे लोगों का ध्यान चुनाव में नहीं है, मगर पंजाब सरकार ने इसे दरकिनार करके चुनाव का बिगुल बजा दिया है। भारतीय जनता पार्टी लोगों के साथ हर सुख-दुख में खड़ी है और हमेशा रहेगी। इस अवसर पर मोहिदर पाल सैनी, बब्बू संधू, सनी वर्मा, कृष्ण सैनी, विशु परमार, मनु सैनी, सुरजीत कुमार, सचिन बस्सी मौजूद थे।